रायपुर, 7 फरवरी 2026: केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह आज शाम तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर राजधानी रायपुर पहुँचे। स्वामी विवेकानंद विमानतल पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत किया।
विमानतल पर स्वागत के दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद श्री संतोष पांडेय और श्री बृजमोहन अग्रवाल सहित कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। प्रशासनिक स्तर पर मुख्य सचिव श्री विकास शील और पुलिस महानिदेशक श्री अरुण देव गौतम ने भी गृह मंत्री की अगवानी की।
सुरक्षा और विकास पर रहेगा फोकस
गृह मंत्री का यह दौरा सुरक्षा के लिहाज से अत्यंत महत्वपूर्ण है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, श्री शाह आज रात्रि में ही वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक करेंगे। कल, 8 फरवरी को वे वामपंथी उग्रवाद (LWE) की स्थिति की समीक्षा के लिए एक बड़ी सुरक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे। केंद्र सरकार ने 31 मार्च 2026 तक देश से नक्सलवाद को पूरी तरह समाप्त करने का लक्ष्य रखा है, जिसके मद्देनजर यह दौरा ‘ऑपरेशन क्लीन’ की अंतिम रणनीति तैयार करने के लिए निर्णायक माना जा रहा है।
बस्तर पंडुम में भी होंगे शामिल
अपने प्रवास के अंतिम दिन, 9 फरवरी को गृह मंत्री जगदलपुर (बस्तर) जाएंगे। वहां वे जनजातीय संस्कृति के महाकुंभ ‘बस्तर पंडुम-2026’ के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। यह आयोजन आदिवासियों की कला और संस्कृति को वैश्विक मंच देने के साथ-साथ बस्तर में लौटती शांति और विश्वास का प्रतीक है।
विमानतल पर रायपुर महापौर श्रीमती मीनल चौबे, विधायक राजेश मूणत, मोतीलाल साहू और रायपुर पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।
