मुद्रा लोन ने बदली किस्मत: जशपुर की प्रीति गुप्ता बनीं ‘लखपति दीदी’, मुख्यमंत्री की योजनाओं से मिला आत्मनिर्भरता का संबल

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार महिला सशक्तिकरण को प्राथमिकता दे रही है। राज्य में शासन-प्रशासन के प्रभावी प्रयासों और हितग्राहीमूलक योजनाओं के समन्वय से महिलाएं अब न केवल आत्मनिर्भर हो रही हैं, बल्कि दूसरों के लिए प्रेरणा का स्रोत भी बन रही हैं। इसका ताजा उदाहरण जशपुर जिले के विकासखंड बगीचा के ग्राम बुढाडांड में देखने को मिला है।

एक लाख के लोन से शुरू हुआ सफर

लक्ष्मी स्व-सहायता समूह से जुड़ी प्रीति गुप्ता ने अपनी आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए शासन की योजना का लाभ उठाया। उन्हें राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के सहयोग से एक लाख रुपये का मुद्रा लोन प्राप्त हुआ। इस पूंजी से उन्होंने अपने गांव में ‘दुर्गा श्रृंगार एवं किराना दुकान’ की नींव रखी।

सालाना 2.50 लाख का शुद्ध लाभ

शुरुआत में छोटे स्तर पर संचालित यह व्यवसाय प्रीति की मेहनत और लगन से आज गांव की प्रमुख दुकानों में शुमार हो चुका है। सौंदर्य प्रसाधन और दैनिक उपयोग की वस्तुओं की उपलब्धता के कारण उनकी दुकान स्थानीय ग्रामीणों की पहली पसंद बन गई है। आज प्रीति प्रतिवर्ष लगभग 2.50 लाख रुपये का शुद्ध लाभ अर्जित कर रही हैं, जिससे उन्हें समाज में ‘लखपति दीदी’ के रूप में एक नई पहचान मिली है।

मुख्यमंत्री के प्रति जताया आभार

अपनी सफलता का श्रेय राज्य सरकार की नीतियों को देते हुए प्रीति गुप्ता ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुद्रा लोन जैसी योजनाओं ने उनके जैसे कई महिलाओं के सपनों को पंख दिए हैं और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाया है।

​प्रशासन का कहना है कि जशपुर जिले में बिहान और मुद्रा लोन जैसी योजनाओं का सकारात्मक प्रभाव स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *