रायपुर: भारत सरकार के कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित ‘इंडिया स्किल प्रतियोगिता 2025-26’ में छत्तीसगढ़ के युवाओं ने सफलता का नया इतिहास रचा है। भुवनेश्वर में संपन्न हुई ईस्ट ज़ोन रीजनल प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ ने कुल 12 पदक और 04 मेडल ऑफ एक्सीलेंस अपने नाम किए हैं।
इस प्रतियोगिता में ओडिशा, बिहार, पश्चिम बंगाल, झारखंड और अंडमान-निकोबार जैसे राज्यों के 200 से अधिक प्रतिभागियों के बीच छत्तीसगढ़ के युवाओं ने कड़ी चुनौती पेश की।
स्वर्ण और रजत पदकों की बौछार
प्रतियोगिता के विभिन्न कौशल श्रेणियों में छत्तीसगढ़ के सितारों ने चमक बिखेरी:
- स्वर्ण पदक: डिजिटल इंटरैक्टिव मीडिया में सुनील कुमार पैतल ने गोल्ड मेडल जीतकर प्रदेश का मान बढ़ाया।
- रजत पदक: खुशांक नायक (3डी डिजिटल गेम आर्ट), पुष्कर सोनबर (सीएनसी मिलिंग) और आत्माराम (सीएनसी टर्निंग) ने सिल्वर मेडल हासिल किए।
- कांस्य पदक: निखिल (सीएनसी मिलिंग), अभिषेक कुमार (इलेक्ट्रॉनिक्स), रेशमान (प्लंबिंग एवं हीटिंग) और सतेंद्र कुमार (वेब टेक्नोलॉजी) ने ब्रोंज मेडल जीते।
इसके अलावा नोहर लाल पटेल, ओम बंजारे और अंतरा मुखर्जी को मेडल ऑफ एक्सीलेंस से सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री ने थपथपाई युवाओं की पीठ
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि हमारे युवाओं ने सिद्ध कर दिया है कि वे वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने के लिए तैयार हैं। राज्य सरकार द्वारा आधुनिक प्रशिक्षण और नवाचार को बढ़ावा देने का परिणाम आज मेडल के रूप में सामने आ रहा है।
कौशल तिहार और पारदर्शी चयन प्रक्रिया
छत्तीसगढ़ राज्य कौशल विकास प्राधिकरण द्वारा पहली बार ‘कौशल तिहार 2025’ और मोबाइल आधारित एमसीक्यू परीक्षा जैसे नवाचार किए गए थे। जिला स्तर पर 3327 प्रतिभागियों से शुरू हुआ यह सफर अब राष्ट्रीय स्तर पर पहुंचेगा। रीजनल स्तर के सफल प्रतिभागी अब राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे, जहाँ से चयनित होने पर उन्हें वर्ल्ड स्किल्स इंटरनेशनल में भारत का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिलेगा।
