जशपुर/बगिया, 21 फरवरी 2026: मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का 62वाँ जन्मदिवस शनिवार को उनके गृहग्राम बगिया में उत्सव और सेवा के अनूठे संगम के रूप में मनाया गया। मुख्यमंत्री के अपने गाँव पहुँचते ही ‘राम सदन’ में उत्सव जैसा माहौल हो गया। श्री साय ने सबसे पहले अपनी माता श्रीमती जसमनी देवी के चरण स्पर्श कर उनका आशीर्वाद लिया, जिसके बाद बधाई देने वालों का दिनभर तांता लगा रहा।
राम सदन में गूंजी सत्यनारायण कथा
इस विशेष अवसर पर मुख्यमंत्री निवास ‘राम सदन’ में श्री सत्यनारायण व्रत कथा का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री ने अपनी माताजी, धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय और परिजनों के साथ भक्तिभाव से कथा श्रवण की और ईश्वर से प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं शांति की प्रार्थना की।
खिलाड़ी बेटियों को मिला प्रोत्साहन
खेल और प्रतिभा को बढ़ावा देते हुए मुख्यमंत्री ने इचकेला कन्या छात्रावास की उन प्रतिभावान छात्राओं को 15 क्रिकेट किट प्रदान की, जिन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन किया है। उन्होंने बेटियों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि वे अनुशासन के साथ खेलें और देश का नाम रोशन करें।
पारंपरिक तीर-धनुष के साथ पहुँचे पहाड़ी कोरवा
बगीचा से आए विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा समाज के लोग अपनी पारंपरिक वेशभूषा और तीर-धनुष के साथ मुख्यमंत्री को बधाई देने पहुँचे। मुख्यमंत्री ने उनसे सीधा संवाद कर ‘प्रधानमंत्री जनमन योजना’ के प्रभावों की जानकारी ली। ग्रामीणों ने बताया कि योजनाओं से उनके गांवों की तस्वीर बदल रही है, जिस पर मुख्यमंत्री ने उनके सर्वांगीण विकास के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
शुभकामनाओं का लगा रहा तांता
विधायक श्रीमती गोमती साय, श्रीमती रायमुनी भगत सहित वरिष्ठ अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और हज़ारों की संख्या में जुटे ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री को दीर्घायु होने की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने भावुक होते हुए कहा, “जनता का यही स्नेह और आशीर्वाद मेरी सबसे बड़ी शक्ति है।”
