ब्रह्मा भोजन एक सुंदर और प्रेरणादायी परंपरा, शांति सरोवर में बोले मुख्यमंत्री साय: विधानसभा सदस्यों के साथ ग्रहण किया प्रसाद

नया रायपुर स्थित शांति सरोवर में आज एक आध्यात्मिक और स्नेहपूर्ण वातावरण देखने को मिला। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय द्वारा छत्तीसगढ़ विधानसभा के सदस्यों के लिए आयोजित ‘स्नेह मिलन एवं ब्रह्मा भोजन’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ब्रह्माकुमारी बहनों के सेवा भाव और आत्मीयता की जमकर सराहना की।

आध्यात्मिक ऊर्जा का केंद्र है शांति सरोवर: मुख्यमंत्री

संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि विधानसभा सदस्यों के लिए हर वर्ष ब्रह्मा भोजन का आयोजन एक अत्यंत सुंदर और प्रेरणादायी परंपरा बन चुकी है। उन्होंने कहा, “शांति सरोवर और शांति शिखर जैसे केंद्रों में कदम रखते ही सकारात्मक ऊर्जा और आत्मिक शांति की अनुभूति होती है। संस्था द्वारा 137 से अधिक देशों में नैतिक मूल्यों और आध्यात्मिक जागरूकता का प्रसार करना हम सभी के लिए गर्व का विषय है।”

समाज कल्याण में संस्था की भूमिका

मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से उल्लेख किया कि ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय महिलाओं के आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण के साथ-साथ जनजातीय क्षेत्रों में भी उल्लेखनीय कार्य कर रहा है। उन्होंने बहनों के स्नेह और आदर के प्रति आभार व्यक्त किया और माउंट आबू आने के निमंत्रण को सहर्ष स्वीकार किया।

पक्ष-विपक्ष ने एक साथ ग्रहण किया प्रसाद

कार्यक्रम की खास बात यह रही कि राजनीति की व्यस्तताओं को छोड़कर सत्ता पक्ष और विपक्ष के सदस्य एक साथ नजर आए। नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने भी कार्यक्रम में अपने विचार साझा किए। मुख्यमंत्री के साथ वन मंत्री श्री केदार कश्यप, कृषि मंत्री श्री रामविचार नेताम, विधायक धरमलाल कौशिक सहित मंत्रिमंडल के अन्य सदस्य और विधायकों ने पवित्र ब्रह्मा भोजन ग्रहण किया।

​इस गरिमामयी अवसर पर ब्रह्माकुमारी परिवार की ओर से मृत्युंजय भाई, आत्म प्रकाश भाई, हेमलता दीदी, लता दीदी सहित संस्था के अनेक सदस्य और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *