रायपुर, 25 फरवरी 2026/ प्रदेशवासियों को स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी संकल्प को दोहराते हुए उप मुख्यमंत्री तथा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (PHE) मंत्री श्री अरुण साव ने आज विभाग के नवनियुक्त केमिस्टों को नियुक्ति पत्र सौंपे। नवा रायपुर स्थित छत्तीसगढ़ विधानसभा परिसर में आयोजित एक संक्षिप्त कार्यक्रम में 10 चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
प्रयोगशालाएं होंगी और भी सशक्त
नवनियुक्त युवाओं को संबोधित करते हुए श्री अरुण साव ने कहा कि विभाग में तकनीकी रूप से दक्ष मानव संसाधन के जुड़ने से मैदानी स्तर पर जल गुणवत्ता की जांच और अधिक प्रभावी होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि विभागीय प्रयोगशालाओं की कार्यप्रणाली को आधुनिक और परिणाममुखी बनाया जाएगा, ताकि आम जनता को मिलने वाले पानी की शुद्धता में कोई कमी न रहे। उन्होंने चेतावनी भी दी कि जल गुणवत्ता की निगरानी में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता
उप मुख्यमंत्री ने पारदर्शी और निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं को उनकी मेहनत और प्रतिभा का उचित फल मिल रहा है। इससे प्रदेश के युवाओं में सरकार के प्रति विश्वास और उत्साह बढ़ा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी केमिस्ट पूर्ण निष्ठा और सेवा-भाव के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे।
चयन प्रक्रिया का विवरण
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के प्रमुख अभियंता श्री ओंकेश चंद्रवंशी ने बताया कि केमिस्ट के 12 रिक्त पदों के लिए छत्तीसगढ़ व्यापम के माध्यम से चयन प्रक्रिया आयोजित की गई थी। दस्तावेज सत्यापन के बाद कुल 11 अभ्यर्थी पात्र पाए गए, जिनमें 2 महिला और 9 पुरुष अभ्यर्थी शामिल हैं।
इस अवसर पर PHE विभाग के सचिव श्री मोहम्मद कैसर अब्दुलहक और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
