पत्थलगांव/कोड़ेकेला: आस्था और विश्वास के पावन पर्व महाशिवरात्रि के अवसर पर आज चारों ओर ‘हर-हर महादेव’ की गूंज सुनाई दे रही है। इसी क्रम में पत्थलगांव विधायक और सरगुजा विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष श्रीमती गोमती साय ने ग्राम घरजियाबथान के कोड़ेकेला (उपकादरहा) स्थित शिव मंदिर पहुंचकर दर्शन किए।

विधायक श्रीमती साय ने महादेव का जलाभिषेक कर पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना संपन्न की। भक्तिमय वातावरण के बीच उन्होंने भगवान भोलेनाथ की आरती उतारी और क्षेत्र की जनता के सुखमय, समृद्ध एवं मंगलमय जीवन के लिए प्रार्थना की।

ग्रामीणों के बीच सादगी से पहुंचीं विधायक पूजा के उपरांत विधायक गोमती साय ने मंदिर परिसर में उपस्थित श्रद्धालुओं और ग्रामवासियों से भेंट की। उन्होंने महाशिवरात्रि की बधाई देते हुए कहा कि भगवान शिव का आशीर्वाद हम सभी पर बना रहे और हमारा क्षेत्र निरंतर प्रगति की ओर बढ़े। ग्रामीणों ने भी अपनी विधायक को अपने बीच पाकर हर्ष व्यक्त किया।

इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, मंदिर समिति के सदस्य और भारी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे, जिन्होंने श्रद्धापूर्वक शिव आराधना में भाग लिया।
