पत्थलगांव/जशपुर:
आज देशभर में महाशिवरात्रि का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में पत्थलगांव विधायक और सरगुजा विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष श्रीमती गोमती साय ने क्षेत्र के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल श्री लोकेर धाम पहुंचकर भगवान शिव की विशेष पूजा-अर्चना की।

विधायक गोमती साय ने पूर्ण विधि-विधान के साथ महादेव का जलाभिषेक और रुद्राभिषेक किया। इस अवसर पर उन्होंने भगवान भोलेनाथ से समस्त क्षेत्रवासियों के उत्तम स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि और खुशहाली का आशीर्वाद मांगा। मंदिर परिसर में उपस्थित श्रद्धालुओं से भेंट करते हुए उन्होंने सभी को महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं भी दीं।

जनता के लिए की मंगलकामना
पूजा के पश्चात मीडिया से चर्चा करते हुए विधायक गोमती साय ने कहा, “भगवान भोलेनाथ की कृपा हम सभी पर सदैव बनी रहे। आज के इस पावन अवसर पर मैंने बाबा से प्रार्थना की है कि हमारा क्षेत्र उन्नति के पथ पर अग्रसर रहे और हर घर में खुशहाली आए।”

शिव मंदिरों में सुबह से ही भक्तों का तांता लगा हुआ है, और गोमती साय की इस उपस्थिति ने स्थानीय शिवभक्तों के उत्साह को और बढ़ा दिया। इस दौरान उनके साथ स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में शिव भक्त मौजूद रहे।
