जशपुरनगर: जशपुर जिले की विधायक श्रीमती गोमती साय आज अपने जशपुर प्रवास के दौरान विश्व प्रसिद्ध अघोर पीठ सोगड़ा आश्रम पहुंचीं। आश्रम की शांत और आध्यात्मिक ऊर्जा के बीच उन्होंने अघोरेश्वर भगवान राम जी के चरणों में पूजा-अर्चना की और प्रदेश व अपने विधानसभा क्षेत्र की सुख-शांति व समृद्धि के लिए मंगल कामना की।
पूज्य बाबा जी का मिला सानिध्य
आश्रम प्रवास के दौरान विशेष रूप से विधायक श्रीमती साय ने परम पूज्य संभव गुरुपद बाबा जी से मुलाकात की। उन्होंने बाबा जी के चरणों में शीश नवाकर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस आत्मीय भेंट के दौरान विधायक ने बाबा जी से विभिन्न सामाजिक विषयों पर मार्गदर्शन लिया। गुरुपद बाबा जी के सानिध्य में व्यतीत किए गए समय को उन्होंने अत्यंत शांतिदायक और प्रेरणादायी बताया।

आस्था और जनसेवा का संकल्प
मुलाकात के उपरांत श्रीमती गोमती साय ने कहा कि सोगड़ा आश्रम केवल एक आस्था का केंद्र नहीं है, बल्कि यह वह शक्ति पुंज है जहां से जनसेवा का मार्ग प्रशस्त होता है। पूज्य बाबा जी का आशीर्वाद और गुरुजनों का मार्गदर्शन हमेशा उन्हें जनता की समस्याओं के निराकरण और क्षेत्र के विकास के लिए समर्पित रहने की शक्ति प्रदान करता है।
आश्रम में विधायक की उपस्थिति के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे, जिन्होंने आश्रम की परंपरा के अनुसार दर्शन लाभ प्राप्त किया।
