पत्थलगांव विधानसभा क्षेत्र की विधायक एवं सरगुजा विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष श्रीमती गोमती साय ने आज सेवा पखवाड़ा के तहत महादेव डांड मण्डल में एक साथ कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में भागीदारी निभाई।

सबसे पहले वे कुर्रोग प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुँचीं, जहाँ आयोजित रक्तदान शिविर में शामिल होकर रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र की विभिन्न सुविधाओं का निरीक्षण करते हुए चिकित्सा सेवाओं की स्थिति की जानकारी ली तथा उपस्थित स्वास्थ्य कर्मियों व ग्रामीणजन से आत्मीय संवाद किया।

इसके पश्चात सेवा पखवाड़ा की कड़ी में श्रीमती साय ने महादेव डांड कुर्रोग गोठान परिसर में अपनी माताजी के नाम पर वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि “माँ की ममता और आशीर्वाद की तरह यह पेड़ भी आने वाले समय में जीवनदायी छांव और हरियाली प्रदान करेगा।”

कार्यक्रम के अंतर्गत विधायक श्रीमती साय महादेवडांड एवं दुल्हिकतरी स्थित माता मंदिरों में भी पहुंचीं। यहां उन्होंने माता के दर्शन कर क्षेत्र के श्रद्धालुओं से आत्मीय मुलाकात की और भंडारे में प्रसाद वितरण कर भक्तजनों के साथ आशीर्वाद बांटा।

इन विविध कार्यक्रमों ने न केवल सेवा पखवाड़ा की सार्थकता को उजागर किया बल्कि स्वास्थ्य, पर्यावरण और सामाजिक सरोकारों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने का संदेश भी दिया।
