फिजूलखर्ची छोड़कर अपनाएं सादगी विवाह: सारंगढ़ में सतनामी समाज के परिचय सम्मेलन में बोले कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब

सारंगढ़, 08 फरवरी 2026: कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार तथा अनुसूचित जाति विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब रविवार को सारंगढ़ प्रवास पर रहे। यहाँ उन्होंने प्रदेश स्तरीय सतनामी समाज युवक-युवती परिचय सम्मेलन को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित किया। अपने संबोधन में उन्होंने समाज की कुरीतियों पर प्रहार करते हुए सादगीपूर्ण जीवन शैली को अपनाने का आह्वान किया।

दिखावे की संस्कृति से बचें समाज के लोग

मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि आज समाज में विवाह को सम्मान का प्रतीक मानकर कर्ज लेकर भी भव्य आयोजन करने की होड़ मची है। उन्होंने बाबा गुरु घासीदास जी के संदेशों को याद दिलाते हुए कहा, “हमें दिखावे की शादी और फिजूलखर्ची को छोड़कर गर्व के साथ सादगी विवाह की परंपरा को अपनाना चाहिए। इसमें कोई खर्च नहीं है और यह समाज में प्रेम व सद्भाव को बढ़ावा देता है।”

राज्य सरकार की उपलब्धियों का किया जिक्र

मंत्री ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व वाली सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ शासन ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मूलमंत्र पर काम कर रही है। उन्होंने बताया कि गिरौदपुरी, भंडारपूरी और लालपुर धाम जैसे धार्मिक स्थलों के विकास के लिए करोड़ों रुपये स्वीकृत किए गए हैं। साथ ही, युवाओं के लिए सीजीपीएससी (CGPSC) की फ्री कोचिंग और पायलट प्रोजेक्ट्स के माध्यम से शिक्षा व रोजगार के नए अवसर प्रदान किए जा रहे हैं।

​इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडे, पूर्व विधायक सनम जांगड़े, सांसद प्रतिनिधि संतोष सोनवानी सहित सतनामी विकास परिषद के सदस्य और भारी संख्या में सामाजिक लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *