छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की ‘त्वरित समाधान’ की कार्यशैली एक बार फिर जशपुर जिले में रंग लाई है। मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय, बगिया की सक्रियता से विकासखंड कांसाबेल के ग्राम पंचायत दोकड़ा अंतर्गत बंसीबहार टोली में महीनों से बाधित विद्युत आपूर्ति को बहाल कर दिया गया है। खराब ट्रांसफार्मर बदले जाने से क्षेत्र में दोबारा रोशनी लौट आई है, जिससे ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया है।
क्या था मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, बंसीबहार टोली के स्कूल के पास लगा विद्युत ट्रांसफार्मर पिछले कुछ समय से खराब पड़ा था। इसके कारण पूरे मोहल्ले की बिजली गुल थी और ग्रामीणों को पेयजल से लेकर बच्चों की पढ़ाई तक में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। समस्या को देखते हुए दोकड़ा के सरपंच ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में आवेदन प्रस्तुत कर समाधान की गुहार लगाई थी।
कैंप कार्यालय की ‘सुपरफास्ट’ कार्रवाई
मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय ने आवेदन को गंभीरता से लेते हुए तत्काल संबंधित विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया। मुख्यमंत्री के कड़े निर्देशों का असर यह हुआ कि विभाग ने बिना देरी किए नया ट्रांसफार्मर मौके पर पहुँचाया और बिजली आपूर्ति सुचारू रूप से शुरू कर दी।
जनता की समस्याओं का केंद्र बना ‘बगिया’
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने गृह ग्राम बगिया में विशेष रूप से मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय की स्थापना की है, ताकि आम जनता को अपनी समस्याओं के लिए राजधानी रायपुर के चक्कर न काटने पड़ें। यहाँ विशेष रूप से बिजली, पानी और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी शिकायतों पर प्राथमिकता के साथ कार्रवाई की जा रही है।
बिजली आपूर्ति बहाल होने पर बंसीबहार के ग्रामीणों ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जी की संवेदनशीलता के कारण ही हमारी समस्या का इतनी जल्दी निराकरण हो पाया है।
