जशपुर: कुनकुरी कृषि महाविद्यालय में 23 मार्च से ‘कृषि क्रांति एक्सपो 2.0’

जशपुर जिले में खेती-किसानी को लाभ का धंधा बनाने और किसानों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के लिए कृषि महाविद्यालय कुनकुरी में आगामी 23 से 25 मार्च तक ‘कृषि क्रांति एक्सपो 2.0’ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में आयोजित इस मेले का मुख्य उद्देश्य किसानों को पारंपरिक खेती से ऊपर उठाकर नवाचार के प्रति जागरूक करना है।

सोगड़ा की संजीता एक्का ने पेश की मिसाल

जिले के ग्राम सोगड़ा की प्रगतिशील महिला किसान संजीता एक्का आज आत्मनिर्भरता की नई कहानी लिख रही हैं। कभी सिर्फ धान की खेती पर निर्भर रहने वाली संजीता ने अब मछली पालन, बत्तख पालन और सुकर (सुअर) पालन को अपनाकर अपनी आय कई गुना बढ़ा ली है। वे अपने पति ईश्वर राम एक्का के साथ मिलकर न केवल पशुपालन कर रही हैं, बल्कि आलू, गेहूं और लीची के बागान लगाकर खेती में विविधता ला रही हैं।

नवाचार से बदली किस्मत

संजीता ने बताया कि धान की तुलना में मछली पालन से उन्हें अधिक मुनाफा हो रहा है। उन्होंने अपने खेतों में मिट्टी का कटाव रोकने के लिए लीची के पौधे लगाए हैं और सुरक्षा के लिए सोलर फेंसिंग का उपयोग कर रही हैं। शासन की योजनाओं का लाभ लेकर वे अब अन्य किसानों को भी धान के बदले दूसरी फसलें लेने के लिए प्रोत्साहित कर रही हैं।

कुनकुरी में दिखेगी कृषि की नई तस्वीर

यदि आप भी संजीता एक्का की तरह खेती में नवाचार करना चाहते हैं और आय बढ़ाना चाहते हैं, तो 23 मार्च से कुनकुरी में शुरू हो रहे कृषि क्रांति एक्सपो में शामिल हो सकते हैं। इस तीन दिवसीय एक्सपो में विशेषज्ञों द्वारा आधुनिक मशीनों, उन्नत बीजों और समन्वित कृषि प्रणाली (Integrated Farming) की जानकारी दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *