जशपुर में ‘मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना’ से सुगम हुआ सफर: पहाड़ी इलाकों में अब दूरी नहीं रही मजबूरी, बुजुर्गों और दिव्यांगों को मिल रही मुफ्त सेवा

जशपुरनगर: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की दूरदर्शी सोच का परिणाम अब राज्य के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक पहुँच रहा है। जशपुर जिले के दुर्गम और पहाड़ी क्षेत्रों में शुरू की गई ‘मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना’ ने ग्रामीणों के आवागमन की परिभाषा बदल दी है। जिस सफर के लिए पहले पैदल चलना या निजी वाहनों का महंगा सहारा लेना मजबूरी थी, अब वहां सुलभ बस सेवा उपलब्ध है।

सन्ना और बगीचा अंचलों में खुशी की लहर

योजना के जमीनी प्रभाव का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि सन्ना निवासी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती सुनीता निकुंज अब बिना किसी बाधा के अपने केंद्र तक पहुँच पा रही हैं। वहीं, मरंगी के दशरथ भगत और मंगलराम जैसे ग्रामीणों के लिए अब बगीचा या चंपा के बाजारों तक जाना समय और पैसे दोनों की बचत वाला साबित हो रहा है।

जशपुर जिले के 8 प्रमुख रूटों पर संचालन

ग्रामीणों की सुविधा के लिए जिले में वर्तमान में निम्नलिखित 8 रूटों पर बसों का नियमित संचालन किया जा रहा है:

  1. ​सन्ना से चंपा
  2. ​दोकड़ा से दुलदुला
  3. ​रनपुर से कांसाबेल
  4. ​तेलाईन से फरसाबहार
  5. ​कैलाश गुफा से बगीचा
  6. ​दुलदुला से अबिरा
  7. ​कोतबा से बुलडेगा
  8. ​जशपुर से हर्री

बुजुर्गों और दिव्यांगों के लिए संवेदनशील पहल

इस योजना की सबसे बड़ी विशेषता इसकी संवेदनशीलता है। 80 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों और एड्स पीड़ितों के लिए इस बस सेवा में यात्रा पूरी तरह निःशुल्क रखी गई है। साथ ही, उनके साथ एक सहायक को भी किराए में छूट का प्रावधान है।

अर्थव्यवस्था और रोजगार को नई दिशा

मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना न केवल आवागमन का साधन है, बल्कि यह ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती दे रही है। बस संचालकों को सरकार द्वारा वायबिलिटी गैप फंडिंग (VGF) और मासिक कर में 3 वर्ष की छूट प्रदान की जा रही है, जिससे वे दूरस्थ क्षेत्रों में निरंतर सेवा देने के लिए प्रोत्साहित हो रहे हैं। इससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित हो रहे हैं।

​जशपुर के पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले ग्रामीणों ने इस सौगात के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे ‘विकसित छत्तीसगढ़’ की दिशा में एक सशक्त कदम बताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *