जशपुरनगर: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता और तेजी के साथ संचालित की जा रही है। जिला प्रशासन से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, 27 जनवरी तक जिले के 34,897 किसानों से कुल 26,98,120.40 क्विंटल धान की खरीदी की जा चुकी है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की मंशा के अनुरूप किसानों को उनकी उपज का सही दाम समय पर मिल रहा है।
किसानों के खातों में पहुँची खुशहाली
धान खरीदी के बदले किसानों को अब तक 557.44 करोड़ रुपये से अधिक की राशि का भुगतान किया जा चुका है। जिला प्रशासन ने सुनिश्चित किया है कि बैंक खातों में राशि का हस्तांतरण सतत रूप से होता रहे, ताकि किसानों को रबी फसल की तैयारी या अन्य जरूरतों के लिए आर्थिक तंगी का सामना न करना पड़े। जिले की 24 समितियों के अंतर्गत आने वाले सभी 46 उपार्जन केंद्रों में खरीदी सुचारू रूप से चल रही है।
हाईटेक व्यवस्था से किसानों को मिली राहत
इस वर्ष धान खरीदी में पारदर्शिता और सुविधा के लिए आधुनिक तकनीकों का भरपूर उपयोग किया जा रहा है:
- टोकन तुंहर हाथ एप्प: ऑनलाइन टोकन की व्यवस्था से किसानों को खरीदी केंद्रों के चक्कर नहीं काटने पड़ रहे हैं।
- पारदर्शिता: केंद्रों पर इलेक्ट्रॉनिक तौल यंत्र और नमी मापक उपकरणों का उपयोग किया जा रहा है।
- सुविधाएं: केंद्रों में पर्याप्त बारदाने के साथ-साथ किसानों के लिए छाया, शुद्ध पेयजल और बैठने की समुचित व्यवस्था की गई है।
किसान हितैषी नीतियों का दिख रहा असर
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान की खरीदी कर रही है। ‘कृषि उन्नति योजना’ के तहत किसानों को 3100 रूपए प्रति क्विंटल का भाव मिल रहा है, जिससे जशपुर के किसानों में भारी उत्साह है।
किसानों ने जिला प्रशासन की व्यवस्थाओं पर संतोष जताते हुए कहा कि टोकन प्रणाली और त्वरित भुगतान की प्रक्रिया ने उनकी खेती को अब और भी सम्मानजनक और लाभप्रद बना दिया है।
