जशपुर के रणजीता स्टेडियम में गूंजी शहनाई: मुख्यमंत्री साय ने 240 जोड़ों को दिया आशीर्वाद, 50 हजार की सहायता राशि का वितरण

जशपुर के रणजीता स्टेडियम में आज सामाजिक समरसता और खुशियों का अनूठा संगम देखने को मिला। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत आयोजित भव्य सामूहिक विवाह समारोह में 240 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे। इस अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने स्वयं उपस्थित होकर नवविवाहित जोड़ों पर आशीर्वाद की वर्षा की और उनके सुखद दांपत्य जीवन की कामना की।

सीएम ने हर मंडप तक पहुँचकर दिया आशीर्वाद

​मुख्यमंत्री श्री साय ने कार्यक्रम के दौरान विवाह मंडप में जाकर प्रत्येक नवदंपति से मुलाकात की। उन्होंने सभी को बधाई देते हुए कहा कि यह योजना गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए एक संबल है, जो बेटियों के विवाह के आर्थिक बोझ को कम करती है। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रतीकात्मक रूप से हितग्राहियों को 35,000 रुपये की सहायता राशि के चेक भी वितरित किए।

योजना के तहत मिलने वाली सहायता का विवरण

​मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत प्रत्येक जोड़े पर कुल 50,000 रुपये खर्च किए जाते हैं, जिसका विवरण निम्नानुसार है:

  • ₹35,000: सीधे चेक के माध्यम से वधू को आर्थिक सहायता।
  • ₹7,000: वैवाहिक सामग्री (उपहार) के रूप में।
  • ₹8,000: आयोजन और अन्य व्यवस्थाओं पर व्यय।

वैदिक मंत्रोच्चार और सामाजिक एकता

​विवाह की रस्में गायत्री परिवार के सदस्यों द्वारा पूर्ण वैदिक विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराई गईं। विभिन्न समाजों के जोड़ों ने एक ही पंडाल के नीचे विवाह कर ‘विविधता में एकता’ और ‘सामाजिक समरसता’ का सशक्त संदेश दिया। कार्यक्रम में नवदंपतियों को विवाह प्रमाण पत्र और उपहार सामग्री भी भेंट की गई।

गरमामयी उपस्थिति

​इस भव्य समारोह में छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष श्री रामप्रताप सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सालिक साय, नगर पालिका अध्यक्ष श्री अरविंद भगत समेत जिले के वरिष्ठ अधिकारी जैसे कमिश्नर श्री नरेंद्र दुग्गा, आईजी श्री दीपक कुमार झा और कलेक्टर श्री रोहित व्यास प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *