छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में वर्षों से जर्जर पुल की समस्या से जूझ रहे राहगीरों और ग्रामीणों के लिए राहत की खबर है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के कड़े निर्देशों के बाद सिंगीबहार से कछुआकानी मुख्य मार्ग पर स्थित जर्जर पुल के निर्माण का कार्य युद्ध स्तर पर शुरू कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय की त्वरित कार्रवाई
यह मामला मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय बगिया के संज्ञान में लाया गया था, जिसके बाद बिना देरी किए संबंधित विभाग को निर्माण कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए। लंबे समय से इस पुल की हालत इतनी खराब थी कि लोग अपनी जान जोखिम में डालकर आवागमन करने को मजबूर थे।
तीन राज्यों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग
सिंगीबहार–कछुआकानी मार्ग न केवल स्थानीय स्तर पर बल्कि अंतरराज्यीय कनेक्टिविटी के लिहाज से भी बेहद खास है। यह मार्ग छत्तीसगढ़ को पड़ोसी राज्य झारखंड और ओडिशा से जोड़ता है। पुल के अभाव में किसानों, मजदूरों और व्यापारियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था, जिससे क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों पर भी असर पड़ रहा था।
ग्रामीणों ने जताया आभार
पुल का निर्माण कार्य शुरू होने से क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि वर्षों पुरानी इस मांग को मुख्यमंत्री ने गंभीरता से लिया, जिससे अब उनका सफर सुरक्षित और सुगम हो जाएगा। ग्रामीणों ने इस संवेदनशील पहल के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया है। अधिकारियों के मुताबिक, निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद न केवल आवागमन आसान होगा, बल्कि क्षेत्र के विकास और व्यापार को भी नई गति मिलेगी।
