कांकेर | 05 फरवरी 2026
शिक्षा सत्र 2025-26 की बोर्ड परीक्षाओं की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। आगामी 20 फरवरी से शुरू हो रही कक्षा 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं के मद्देनजर जिले के कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने विद्यार्थियों, पालकों और शिक्षकों के नाम एक महत्वपूर्ण संदेश जारी किया है।
विद्यार्थियों के लिए: “आत्मविश्वास ही सफलता की कुंजी”
कलेक्टर ने विद्यार्थियों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि बोर्ड परीक्षा जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव जरूर है, लेकिन यह काबिलियत की अंतिम कसौटी नहीं है। उन्होंने बच्चों से अपील की कि:
- परीक्षा की तैयारी अनुशासन और धैर्य के साथ करें।
- घबराहट, डर और आत्म-संदेह को खुद पर हावी न होने दें।
- शांत मन से प्रश्नों को हल करें, क्योंकि शांत मस्तिष्क ही सही उत्तर लिख पाता है।
- अपनी प्रतिभा पर भरोसा रखें और तनाव छोड़कर पूरे मन से परीक्षा दें।
पालकों के लिए: “तुलना नहीं, भरोसा दें”
अभिभावकों को संबोधित करते हुए श्री क्षीरसागर ने कहा कि यह समय बच्चों के साथ-साथ माता-पिता की भी परीक्षा का है। उन्होंने पालकों से आग्रह किया कि:
- बच्चों को अंकों की होड़ और दबाव में न रखें।
- घर में सुरक्षित और सकारात्मक वातावरण निर्मित करें।
- डांटने की बजाय बच्चों से संवाद करें और उनकी तुलना दूसरों से न करें।
- यदि बच्चा गुमसुम हो, तो उसके पास बैठें और उसका मन समझने का प्रयास करें।
शिक्षकों के लिए: “मदद का हाथ बढ़ाएं”
कलेक्टर ने शिक्षकों को भविष्य निर्माण की नींव बताते हुए कहा कि परीक्षा से पहले किसी भी कमजोर छात्र को नजरअंदाज न किया जाए। उन्होंने शिक्षकों से कहा कि छात्रों से यह पूछने के बजाय कि “समझ में क्यों नहीं आता”, यह पूछें कि “कहां मदद चाहिए”। शिक्षक का प्रोत्साहन ही छात्र की सबसे बड़ी ताकत बनती है।
कलेक्टर ने यह भी सुनिश्चित किया है कि परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण वातावरण, पारदर्शी व्यवस्था और विद्यार्थियों की सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा जाएगा।
