कांकेर में वन्यजीव तस्करों पर वन विभाग का सर्जिकल स्ट्राइक: जंगली सुअर के मांस के साथ 7 आरोपी गिरफ्तार, भेजे गए जेल

छत्तीसगढ़ के कांकेर वनमंडल में वन्यजीवों के अवैध शिकार और तस्करी के खिलाफ वन विभाग ने अब तक की सबसे बड़ी कार्यवाहियों में से एक को अंजाम दिया है। विभाग ने जाल बिछाकर सात आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पकड़े गए सभी आरोपियों पर वन्यजीव संरक्षण अधिनियम (1972) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

गोपनीय सूचना पर बिछाया गया जाल

​वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, 8 मार्च 2026 की सुबह राज्य स्तरीय उड़नदस्ता को क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवैध शिकार की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना की गंभीरता को देखते हुए कांकेर वन विभाग ने तत्काल विशेष टीमों का गठन किया और अलग-अलग संदिग्ध ठिकानों पर घेराबंदी शुरू की।

बाड़ी में भुना जा रहा था जंगली सुअर का मांस

​जांच के दौरान टीम ने जब महेंद्र कोड़ोपी के घर के पीछे दबिश दी, तो वहां का नजारा हैरान करने वाला था। बाड़ी में दो जंगली सुअरों (74 किलो का नर और 70 किलो की मादा) को पैरा जलाकर भुना जा रहा था। पूछताछ में खुलासा हुआ कि यह मांस ग्राम जुनवानी निवासी प्रकाश मंडावी से 300 रुपये प्रति किलो की दर से खरीदा गया था। विभाग ने मौके से मांस और तस्करी में इस्तेमाल सामग्री जब्त की।

जीवित मादा सुअर की तस्करी का भंडाफोड़

​इसी दौरान एक अन्य टीम ने ग्राम माटवाड़ा (मोदी) के पास घेराबंदी कर एक पैशन प्रो मोटरसाइकिल (CG 19-B-8847) को रोका। वाहन पर सवार विष्णु सलाम और कृष्णा कोमरा एक जीवित मादा जंगली सुअर (लगभग 53 किलो) को क्रूरतापूर्वक बांधकर ले जा रहे थे। आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने इसे भी प्रकाश मंडावी से खरीदा था।

मुख्य सप्लायर के घर छापेमारी

​कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए वन विभाग की टीम ने मुख्य आरोपी प्रकाश मंडावी के घर (ग्राम जुनवानी) पर भी धावा बोला। वहां दो जंगली सुअरों को काटने के पुख्ता सबूत मिले। मौके से सुअर के सिर और शरीर के अन्य हिस्से बरामद किए गए।

अधिकारियों का सख्त रुख

​इस पूरी कार्रवाई में कांकेर वनमंडल, नरहरपुर वन परिक्षेत्र के अधिकारियों और मुख्य वन संरक्षक के उड़नदस्ता दल की मुख्य भूमिका रही। वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की सख्त कार्रवाई से वन्यजीवों के शिकार पर अंकुश लगेगा और तस्करों के नेटवर्क को ध्वस्त किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *