कोरबा को बड़ी सौगात: हसदेव नदी पर 13.44 करोड़ की लागत से बनेगा नया रपटा

कोरबा नगर के विकास और नागरिकों की सुविधा के लिए छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री श्री लखन लाल देवांगन ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। पुराने कोरबा शहर की वर्षों पुरानी जन-आकांक्षाओं को मूर्तरूप देते हुए, शासन ने रानी रोड कोरबा से सर्वमंगला मंदिर के बीच हसदेव नदी पर रपटा (Low-level bridge) निर्माण हेतु 13.44 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान कर दी है।

सालों पुराना इंतजार होगा खत्म

उद्योग मंत्री श्री लखन लाल देवांगन ने बताया कि रानी रोड से सर्वमंगला मंदिर के बीच आवागमन के लिए पुराने शहर के नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और समाजसेवकों द्वारा लंबे समय से रपटे की मांग की जा रही थी। वर्तमान में लोगों को कुसमुंडा, कनकी या बिलासपुर की ओर जाने के लिए उषा कॉम्प्लेक्स रेलवे क्रॉसिंग और सर्वमंगला पुल से होकर लंबा चक्कर लगाना पड़ता है।

मुख्यमंत्री ने दी विशेष प्राथमिकता

मंत्री देवांगन ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के कोरबा प्रवास के दौरान इस परियोजना के लिए विशेष आग्रह किया था। मुख्यमंत्री की हरी झंडी के बाद सेतु निगम ने इसका ड्राइंग-डिजाइन और प्राक्कलन (Estimate) तैयार किया, जिसे अब वित्तीय मंजूरी मिल गई है।

यातायात के दबाव से मिलेगी मुक्ति

रपटा निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी। इसके पूर्ण होने से न केवल सर्वमंगला पुल पर यातायात का भारी दबाव कम होगा, बल्कि शहर के भीतर आवागमन सुगम और तेज हो जाएगा। इस सौगात के लिए कैबिनेट मंत्री श्री देवांगन ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय, उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव और वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी का आभार व्यक्त किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *