छत्तीसगढ़ की बेटियों के हाथ पीले करने और उन्हें उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद देने के लिए राज्य सरकार कल, 10 फरवरी को मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत भव्य आयोजन करने जा रही है। प्रदेश भर के विभिन्न जिलों में अलग-अलग धार्मिक परंपराओं के अनुसार कुल 6,412 जोड़े विवाह के बंधन में बंधेंगे।
राजधानी में जुटेगा जनसैलाब
मुख्य आयोजन राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में सुबह 11 बजे से शुरू होगा, जहाँ 1,316 जोड़े विवाह करेंगे। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय स्वयं उपस्थित रहकर नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह करेंगे। इस दौरान उपमुख्यमंत्री अरुण साव, विजय शर्मा और महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े सहित कई दिग्गज मौजूद रहेंगे।
खाते में आएंगे ₹35,000, मिलेंगे उपहार भी
योजना के तहत प्रत्येक जोड़े के लिए 50 हजार रुपये का प्रावधान है। इसमें से 35 हजार रुपये सीधे वधू के बैंक खाते में जमा किए जाएंगे, जबकि 15 हजार रुपये विवाह की सामग्री और आयोजन पर खर्च किए जाएंगे। रायपुर के साथ-साथ बलौदा बाजार, धमतरी, दुर्ग, महासमुंद और राजनांदगांव के जोड़े ऑनलाइन इस कार्यक्रम से जुड़ेंगे।
सर्वधर्म समभाव की मिसाल
इस सामूहिक विवाह की खास बात यह है कि इसमें सभी धर्मों और समुदायों का संगम दिखेगा:
- हिंदू रीति: 6,281 जोड़े
- ईसाई रीति: 113 जोड़े
- मुस्लिम रीति: 3 जोड़े
- बैगा समुदाय: 10 जोड़े
- बौद्ध रीति: 5 जोड़े
कुपोषण मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान का शुभारंभ
शादी समारोह के साथ ही मुख्यमंत्री एक और महत्वपूर्ण कदम उठाएंगे। वे “कुपोषण मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान” की शुरुआत करेंगे। पहले चरण में बस्तर संभाग के बीजापुर, दंतेवाड़ा, नारायणपुर और सुकमा जिलों के 40 हजार कुपोषित बच्चों को कवर किया जाएगा।
