जशपुर: देशभक्ति की भावना को प्रबल करने और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान प्रदर्शित करने के उद्देश्य से 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘‘हर घर तिरंगा’’ कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। आज़ादी के अमृत महोत्सव पहल के अंतर्गत, वर्ष 2022 से केंद्र सरकार द्वारा इस अभियान की शुरुआत की गई थी, जो विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी पूरे जोश और उमंग के साथ जारी है। स्वतंत्रता दिवस का पर्व प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व और गौरव का क्षण है।

इसी क्रम में बुधवार को पत्थलगांव नगर में विधायक निवास कार्यालय से, सरगुजा आदिवासी विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष एवं क्षेत्रीय विधायक श्रीमती गोमती साय की उपस्थिति में नगर के तीनों मुख्य मार्गों से “भव्य तिरंगा यात्रा” निकाली गई। इसी प्रकार कांसाबेल और लुड़ेग में भी हर घर तिरंगा अभियान के तहत उत्साहपूर्वक तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी, विद्यालय के छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए।

पत्थलगांव की यात्रा में प्रमुख रूप से समाजसेवी सुनील गुप्ता, जनप्रतिनिधिगण, नारी शक्ति, अधिकारीगण, बिहान स्व-सहायता समूह की महिलाएं, स्वच्छता कर्मी, विद्यालय के छात्र-छात्राएं, शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा हज़ारों की संख्या में गणमान्य नागरिक शामिल हुए। हाथों में तिरंगा लिए और “भारत माता की जय” के गगनभेदी नारों के साथ नगर का पूरा वातावरण देशभक्ति के रंग में रंग गया।

विधायक श्रीमती गोमती साय ने अपने संबोधन में कहा —”आज़ादी के अमृत महोत्सव के तहत बीते चार वर्षों से ‘हर घर तिरंगा, घर घर तिरंगा’ अभियान पूरे देश में उत्साह के साथ चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य भारतवासियों के हृदय में देशभक्ति की भावना को जागृत करना और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान बढ़ाना है। आज पत्थलगांव के नागरिकों के साथ इस भव्य यात्रा में शामिल होकर गौरव की अनुभूति हो रही है।”


विशेष: यह अभियान न केवल राष्ट्रीय पर्व की गरिमा बढ़ाता है, बल्कि देशभक्ति और एकता की भावना को भी सुदृढ़ करता है। इससे तिरंगे के प्रति व्यक्तिगत जुड़ाव गहरा होता है और राष्ट्र निर्माण के प्रति हमारा संकल्प मज़बूत होता है। इस अवसर पर नागरिकों ने स्वतंत्रता संग्राम के वीरों को नमन करते हुए उनसे प्रेरणा लेने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
