पत्थलगांव। विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SIR) अभियान को गति देने और कार्यों की समीक्षा करने के उद्देश्य से आज पत्थलगांव विधायक श्रीमती गोमती साय के कार्यालय में एक महत्वपूर्ण विधानसभा स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में सांसद राधेश्याम राठिया विशेष रूप से उपस्थित रहे।

मतदाता सूची के शुद्धिकरण पर विशेष फोकस
बैठक के दौरान मतदाता सूची के शुद्धिकरण, नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, स्थान परिवर्तन (शिफ्टिंग) और मृत या अनुपस्थित मतदाताओं के नाम विलोपन से जुड़े कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की गई। गहन पुनरीक्षण अभियान (SIR) के तहत चल रहे कार्यों का मूल्यांकन करते हुए यह सुनिश्चित किया गया कि कोई भी पात्र नागरिक मताधिकार से वंचित न रहे।
समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने का संकल्प
समीक्षा बैठक में प्रत्येक मंडल के दायित्वों पर चर्चा की गई और आगामी लक्ष्यों के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए। उपस्थित सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने अभियान को तय समयसीमा के भीतर सफलतापूर्वक पूर्ण करने का संकल्प लिया। वरिष्ठ नेताओं ने स्पष्ट निर्देश दिए कि बूथ स्तर पर 100% सटीकता सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की विसंगति न रहे।

दिग्गज नेताओं और कार्यकर्ताओं की रही मौजूदगी
इस समीक्षा बैठक में संगठन की मजबूती और सक्रियता स्पष्ट रूप से दिखाई दी। बैठक में BLA-1, BLA-2 तथा सभी मण्डल अध्यक्षों ने अपनी पूर्ण उपस्थिति दर्ज कराई।

प्रमुख रूप से सांसद राधेश्याम राठिया, जशपुर जिला के SIR प्रभारी व प्रदेश मंत्री शिवनाथ यादव, विधानसभा के BLA-1 सुनील अग्रवाल, पूर्व जिला अध्यक्ष सुनील गुप्ता, जिला महामंत्री मनीष अग्रवाल, यश प्रताप सिंह जूदेव, जिला मंत्री आनंद शर्मा, हेमवती भगत, नगर पालिका अध्यक्ष संगीता सिंह, जनपद अध्यक्ष धनियारो परहा सहित सभी मंडल अध्यक्ष, वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
