अयोध्या की पावन ईंट से ठाकुरदिया खुर्द में रखा गया राम मंदिर का आधार, डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने की बड़ी घोषणाएं

छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा आज महासमुंद जिले के ग्राम ठाकुरदिया खुर्द में आयोजित भव्य राम मंदिर भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल हुए। वैदिक मंत्रोच्चार और भक्तिमय वातावरण के बीच उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर मंदिर की आधारशिला रखी। इस मंदिर निर्माण की सबसे विशेष बात यह है कि इसका प्रारंभ अयोध्या के श्री राम जन्मभूमि मंदिर से लाई गई पवित्र ईंट से किया जा रहा है।

500 वर्षों के संघर्ष और आस्था का प्रतीक: विजय शर्मा

​उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान श्रीराम भारतीय संस्कृति और मर्यादा के सर्वोच्च प्रतीक हैं। उन्होंने अयोध्या के राम मंदिर का उल्लेख करते हुए कहा, “अयोध्या का मंदिर सनातनी मान बिंदु है। 500 वर्षों के लंबे संघर्ष और संकल्प के बाद आज रामलला अपने भव्य मंदिर में विराजमान हैं। उसी प्रेरणा से गांव-गांव में सांस्कृतिक केंद्रों का विकास हो रहा है।”

​उन्होंने मंदिर निर्माण समिति के प्रयासों और समाज द्वारा दिए गए दान की सराहना करते हुए कहा कि अयोध्या की ईंट से इस मंदिर का निर्माण होना अपने आप में अद्भुत और गौरवशाली है।

क्षेत्र के विकास के लिए लाखों की सौगात

​धार्मिक आयोजन के साथ-साथ उपमुख्यमंत्री ने क्षेत्रवासियों को विकास कार्यों का उपहार भी दिया। उन्होंने जनहित को ध्यान में रखते हुए निम्नलिखित महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं:

  1. ठाकुरदिया खुर्द: 20 लाख रुपये की लागत से ‘सामाजिक भवन’ का निर्माण।
  2. पिथौरा: जनपद पंचायत में 25 लाख रुपये की लागत से भव्य ‘सभाभवन’ का निर्माण।

गरिमामय उपस्थिति

​इस ऐतिहासिक अवसर पर अध्यात्म और राजनीति जगत की प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं। कार्यक्रम में श्री उमेशानंद गिरी महाराज, श्री कृष्णानन्द गिरी महाराज के साथ सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी, पूर्व सांसद चुन्नीलाल साहू, जिला भाजपा अध्यक्ष एतराम साहू और जिला पंचायत अध्यक्ष मोंगरा पटेल सहित भारी संख्या में श्रद्धालु एवं ग्रामीण उपस्थित थे।

​मंदिर निर्माण समिति के अजय नायक और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने उपमुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *