सरगुजा (उदयपुर), 06 फरवरी 2026: ग्रामीण अंचलों में स्वास्थ्य सेवाओं को जन-जन तक पहुँचाने वाली मितानिनों की भूमिका को सराहने के लिए उदयपुर ब्लॉक के ऐतिहासिक रामगढ़ में ‘स्वास्थ्य पंचायत सम्मेलन’ का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए।
मितानिनें हैं भरोसेमंद कड़ी: मंत्री राजेश अग्रवाल
मितानिनों को संबोधित और सम्मानित करते हुए मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि मितानिन बहनें ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की सबसे सशक्त और भरोसेमंद कड़ी हैं। उन्होंने कहा, “शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने में आपकी भूमिका अतुलनीय है। सरकार आपके हर प्रयास में आपके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है और आपकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा।”

59 पंचायतों की मितानिनों ने साझा की चुनौतियां
इस सम्मेलन में उदयपुर विकासखंड की 59 ग्राम पंचायतों से 389 मितानिन, 20 मितानिन ट्रेनर, दो ब्लॉक को-आर्डिनेटर और पांच विकासखंड समन्वयक शामिल हुए। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य पंचायत स्तर पर स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं को सामने लाना और उन्हें संबंधित विभागों तक पहुँचाना था। कार्यक्रम के दौरान मितानिनों ने अधिकारियों को क्षेत्रीय चुनौतियों से अवगत कराया और ग्राम स्वास्थ्य स्वच्छता व पोषण समिति को और अधिक सक्रिय बनाने पर बल दिया।
विभिन्न विभागों को सौंपे गए आवेदन
सम्मेलन के दौरान मितानिनों ने अपनी मांगों और क्षेत्रीय समस्याओं से जुड़े आवेदन सौंपे। इस वर्ष कुल आवेदनों का विवरण इस प्रकार रहा:
- स्वास्थ्य विभाग: 85 आवेदन
- महिला-बाल विकास: 26 आवेदन
- जनपद व अन्य विभाग: पीएचई (12), खाद्य (12), शिक्षा (5), विद्युत (5), पुलिस (8) और सेंट्रल बैंक (5)। इसके अलावा 7 आवेदन विधायक स्तर के प्राप्त हुए। मंत्री श्री अग्रवाल ने इन सभी आवेदनों पर तत्काल संज्ञान लेते हुए त्वरित कार्यवाही का आश्वासन दिया।
जिला समन्वयक अर्चना कुशवाहा और विकासखंड समन्वयकों ने बताया कि मितानिनें मातृ-शिशु स्वास्थ्य, पोषण और स्वच्छता के माध्यम से समुदाय को सशक्त कर रही हैं। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे, जिन्होंने इस आयोजन को सफल बनाया।
