कहानी बदलाव की: पहाड़ी कोरवा परिवारों को मिला अधिकार, जाति प्रमाण पत्र बना बच्चों की शिक्षा और योजनाओं की राह का संबल

  • बगीचा तहसील ने लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत 15 दिनों में जारी किए प्रमाण पत्र
  • मनीषा बाई, पार्वती बाई, निर्मला बाई और विकास राम को मिला अधिकार, मुख्यमंत्री के प्रति जताया आभार

जशपुरनगर, 21 सितम्बर 2026:

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा विशेष पिछड़ी जनजाति (PVTG) पहाड़ी कोरवा समुदाय के परिवारों को मुख्यधारा से जोड़ने और शासकीय योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ दिलाने की दिशा में ठोस पहल की जा रही है। ‘सेवा संकल्प अभियान 2026’ के तहत जशपुर जिले की बगीचा तहसील ने तत्परता दिखाते हुए ग्राम कुरहटेपना (बुटंगा) निवासी मनीषा बाई, पार्वती बाई, निर्मला बाई एवं विकास राम को निर्धारित समय-सीमा के भीतर जाति प्रमाण पत्र प्रदान किया है।

लोक सेवा गारंटी अधिनियम से 15 दिन में पूरा हुआ काम

मुख्यमंत्री के स्पष्ट निर्देश हैं कि विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों को केंद्र और राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी अड़चन के मिले। इसी क्रम में राजस्व प्रशासन ने लोक सेवा गारंटी अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन का उदाहरण पेश करते हुए आवेदन के महज 15 दिनों के भीतर प्रक्रिया पूरी कर हितग्राहियों को जाति प्रमाण पत्र सौंपे।

बच्चों की छात्रवृत्ति और भविष्य का खुला रास्ता

जाति प्रमाण पत्र न होने के कारण अब तक इन परिवारों के बच्चों को विद्यालयों में छात्रवृत्ति और अन्य शैक्षणिक सुविधाओं का लाभ लेने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।

हितग्राहियों ने बताया कि वे ग्राम कुरहटेपना (बुटंगा) के निवासी हैं और पहाड़ी कोरवा समुदाय से आते हैं। औपचारिक दस्तावेज के अभाव में पात्रता संबंधी प्रक्रियाएं बाधित हो रही थीं। लगभग दो सप्ताह पूर्व उन्होंने प्रमाण पत्र के लिए आवेदन दिया था, जिसे प्रशासन ने तय समय-सीमा में तैयार कर उपलब्ध कराया।

हितग्राहियों के चेहरे पर लौटी खुशी

हाथों में जाति प्रमाण पत्र पाकर हितग्राहियों के चेहरों पर राहत और खुशी साफ दिखाई दी। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रमाण पत्र से न केवल उनके बच्चों को स्कूल में छात्रवृत्ति मिलने का रास्ता साफ हुआ है, बल्कि शासन की अन्य विशेष हितग्राही योजनाओं से जुड़ना भी अब बेहद आसान हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *