छत्रपति शिवाजी महाराज की 396वीं जयंती के अवसर पर कवर्धा शहर के ऐतिहासिक ‘छत्रपति शिवाजी चौक’ पर भव्य प्रतिमा का लोकार्पण किया गया। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने इस गौरवशाली प्रतिमा का अनावरण करते हुए इसे कवर्धा के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।
वीरता का प्रतीक: किले की दीवार और तोपों से सजी प्रतिमा
यह प्रतिमा अपनी भव्यता के कारण आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। प्रतिमा के पीछे किले की दीवार का स्वरूप दिया गया है, जबकि दोनों ओर तोपों की प्रतिकृतियां स्थापित की गई हैं, जो मराठा साम्राज्य के शौर्य की याद दिलाती हैं।
राष्ट्रप्रेम की सीख देता है शिवाजी का जीवन: विजय शर्मा
लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने कहा, “छत्रपति शिवाजी का व्यक्तित्व युवाओं के लिए पथ प्रदर्शक है। उन्होंने मुगल आतंक को चुनौती देकर विशाल साम्राज्य की नींव रखी, जो भारतीय प्रतिरोध का प्रतीक बना। यह प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्र प्रेम की सीख देगी।”
नक्सलवाद और विकास पर बड़ा बयान
विजय शर्मा ने बस्तर में नक्सलवाद के खात्मे पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के संकल्प के साथ हम लाल आतंक के समूल नाश के निर्णायक दौर में हैं।
कवर्धा को मिली सौगातें: भोरमदेव मंदिर कॉरिडोर का निर्माण
क्षेत्र के पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए उप मुख्यमंत्री ने 146 करोड़ रुपये की लागत से ‘भव्य भोरमदेव मंदिर कॉरिडोर’ के निर्माण की घोषणा की। इसमें मड़वा महल, छेरकी महल और रामचुंवा को शामिल कर संवारा जाएगा। साथ ही बूढ़ा महादेव मंदिर का उन्नयन और कांवड़िया सदन का निर्माण भी किया जाएगा।
गणमान्य जनों की उपस्थिति
कार्यक्रम में दुर्ग ग्रामीण विधायक श्री ललित चंद्राकर ने शिवाजी महाराज के योगदान को याद किया। नगर पालिका अध्यक्ष श्री चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने उप मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर पूर्व संसदीय सचिव डॉ. सियाराम साहू, कृषक कल्याण परिषद अध्यक्ष श्री सुरेश चंद्रवंशी सहित भारी संख्या में जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित थे।
