- ‘आस्था का दीप, सेवा का संकल्प’ थीम पर दंतेवाड़ा में होगा ऐतिहासिक आयोजन
- जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठन, महिला समूह और युवा मिलकर रचेंगे आध्यात्मिक माहौल
- प्रशासन ने नगरवासियों व श्रद्धालुओं से की अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील
दंतेवाड़ा (16 सितंबर 2026):
जिले में जनसेवा और जनभागीदारी को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से शुरू हो रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत ऐतिहासिक एवं धार्मिक नगरी दंतेवाड़ा में भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस विशेष पहल के तहत शक्तिपीठ माँ दंतेश्वरी मंदिर परिसर को 25,000 दीपों की रोशनी से जगमगाया जाएगा। यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक होगा, बल्कि जिले की सांस्कृतिक पहचान और सामूहिक सेवा भावना को भी एक मंच पर प्रदर्शित करेगा।
जनसहयोग से सजेगा आस्था का आंगन
माँ दंतेश्वरी मंदिर प्रांगण में आयोजित होने वाले इस दीपोत्सव को सफल बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।आयोजन में जिले के आम नागरिकों के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों, सामाजिक व स्वयंसेवी संगठनों, महिला स्व-सहायता समूहों और युवा शक्ति की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। एक साथ 25 हजार दीपों का प्रज्वलन जिले की समृद्ध आध्यात्मिक विरासत को नई पहचान देगा।
‘आस्था का दीप, सेवा का संकल्प’
अभियान के समन्वयकों ने नगर के समस्त नागरिकों और दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे इस पावन अवसर पर बड़ी संख्या में उपस्थित होकर माँ दंतेश्वरी के चरणों में श्रद्धा का एक दीप अवश्य प्रज्वलित करें। आयोजकों का कहना है कि “आस्था का दीप, सेवा का संकल्प” मंत्र के साथ आयोजित यह कार्यक्रम समाज में सकारात्मक ऊर्जा, सेवा भाव और एकजुटता का संचार करेगा।
