रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन, सुशासन और जनसेवा के प्रति आभार व्यक्त करने तथा ‘विकसित भारत-2047’ के संकल्प को जन-जन तक पहुँचाने के लिए छत्तीसगढ़ में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक व्यापक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। इस अभियान की तैयारियों की समीक्षा हेतु वित्त एवं जिलों के प्रभारी मंत्री ओ.पी. चौधरी ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सरगुजा, जशपुर, जांजगीर-चांपा, रायगढ़ और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिलों के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों की संयुक्त बैठक ली।
बैठक में प्रभारी मंत्री ने नोडल व सहायक नोडल अधिकारियों की नियुक्ति, कार्ययोजना और विभागीय दायित्वों की समीक्षा करते हुए अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ एक जनांदोलन का रूप देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह अभियान पीएम मोदी की 25 वर्षों की सेवा यात्रा के प्रति सम्मान व्यक्त करने और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने का सशक्त माध्यम बनेगा।
अभियान के तहत महीने भर आयोजित होंगी ये प्रमुख गतिविधियां:
- 17 सितंबर की शाम हर घर जलेगा ‘आशीर्वाद का दीया’: अभियान का शुभारंभ 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगा। इसके तहत प्रत्येक परिवार को दीप प्रज्वलन से जोड़ा जाएगा। मैदानी टीमें घर-घर पहुंचकर नागरिकों को इस पहल में सहभागी बनने के लिए प्रेरित करेंगी।
- ’25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’: 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक सरकारी और निजी स्कूलों में विकसित भारत और 25 वर्षों की सेवा यात्रा पर आधारित ड्राइंग व भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। चयनित बच्चों की कृतियों की प्रदर्शनी लगेगी और उत्कृष्ट प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा।
- ‘नमो सेवा गाथा’ नुक्कड़ नाटक: 17 सितंबर से नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं और उनसे आए बदलाव की प्रेरक कहानियों का मंचन होगा। 2 अक्टूबर को प्रमुख स्थलों पर विशेष प्रस्तुतियां दी जाएंगी।
- ‘आंगन का उत्सव’ में सम्मान और संवाद: 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक आंगनवाड़ी केंद्रों में माताओं और बच्चों की भागीदारी के साथ आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान किया जाएगा। साथ ही पोषण, मातृ वंदना और टीकाकरण की जानकारी साझा की जाएगी।
- ‘कहानी बदलाव की’ डिजिटल बैंक: विभिन्न सरकारी योजनाओं से लाभान्वित नागरिकों की वास्तविक सफलता की कहानियों का संकलन कर एक डिजिटल डेटा बैंक तैयार किया जाएगा।
- ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’: विधानसभा और विकासखंड स्तर पर विशेष शिविर लगाए जाएंगे, जहाँ स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही योजनाओं से जोड़ा जाएगा।
- ‘सेवा मेरा योगदान’ और स्वच्छता अभियान: नागरिकों और स्वयंसेवी संस्थाओं की मदद से नदी-घाटों की सफाई, पौधरोपण और विभिन्न सामाजिक सेवा कार्य किए जाएंगे।
इसके अलावा ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘जल जन सेवा संकल्प’, ‘रंगोली राष्ट्र’ और ‘जनसेवक महाकुंभ’ जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
वर्चुअल बैठक में संबंधित जिलों के कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक (SP), जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) और विभिन्न विभागों के नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।
