अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में कोसा रेशम, ढोकरा कला और जनजातीय शिल्प ने खींचा दर्शकों का ध्यान, स्थानीय शिल्पकारों को मिल रहा वैश्विक मंच
रायपुर/नई दिल्ली, 21 नवंबर 2026/ नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले (IITF) में छत्तीसगढ़ की समृद्ध कला, संस्कृति और पारंपरिक शिल्प कौशल की मनोहारी झलक देखने को मिल रही है। मेले में स्थापित ‘छत्तीसगढ़ पवेलियन’ प्रदेश की गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत और जनजातीय अस्मिता को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत कर रहा है। शनिवार को संस्कृति विभाग, छत्तीसगढ़ शासन के संचालक डॉ. संजय कन्नौजे ने पवेलियन का निरीक्षण कर वहां प्रदर्शित कलाकृतियों, पारंपरिक वस्त्रों, कोसा रेशम और जनजातीय संस्कृति पर आधारित प्रदर्शनी का बारीकी से अवलोकन किया।
कोसा सिल्क से लेकर ढोकरा और बेलमेटल शिल्प का जीवंत प्रदर्शन निरीक्षण के दौरान डॉ. कन्नौजे ने प्रदेश के शिल्पकारों द्वारा तैयार किए गए हस्तनिर्मित उत्पादों और पारंपरिक शिल्पकला की जानकारी ली। पवेलियन में प्रदर्शित छत्तीसगढ़ का प्रसिद्ध कोसा रेशम, पारंपरिक परिधान, बेलमेटल शिल्प, ढोकरा कला, लौह शिल्प, काष्ठ शिल्प और बांस शिल्प आगंतुकों के बीच खासे आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। अपनी उत्कृष्ट गुणवत्ता और विशिष्ट बुनाई शैली के लिए पहचाने जाने वाले कोसा वस्त्रों के साथ-साथ जनजातीय जीवनशैली से प्रेरित कलाकृतियां प्रदेश की सांस्कृतिक विविधता और प्रकृति के प्रति गहरे जुड़ाव को जीवंत कर रही हैं।
कलाकारों की आजीविका और आर्थिक सशक्तिकरण को मिल रहा बढ़ावा इस अवसर पर डॉ. कन्नौजे ने कहा कि छत्तीसगढ़ की लोककला, जनजातीय संस्कृति और पारंपरिक शिल्प हमारी पहचान के सबसे मजबूत आधार हैं। भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले जैसे प्रतिष्ठित आयोजन प्रदेश की कला और संस्कृति को देश-दुनिया के सामने लाने का बेहतरीन अवसर प्रदान करते हैं।
उन्होंने कहा कि ऐसे मंचों के माध्यम से जहां एक ओर स्थानीय कलाकारों और शिल्पकारों के लिए बाजार और रोजगार के नए अवसर खुलते हैं, वहीं दूसरी ओर पारंपरिक शिल्प से जुड़े समुदायों का आर्थिक सशक्तिकरण भी सुनिश्चित होता है। डॉ. कन्नौजे ने इस गौरवशाली विरासत को सहेजने और नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।
