जशपुर की हसीन वादियों में सजेगा रोमांच, लोक संस्कृति और प्रकृति का महाकुंभ: 26 से 29 नवंबर तक होगा ‘जशपुर जम्बूरी 2026’ का भव्य आयोजन

जिला प्रशासन जशपुर और ‘बेस्ट एडवेंचर टूरिज्म अवॉर्ड 2026’ विजेता ट्रिपी हिल्स की पहल; हॉट एयर बैलून, जिपलाइनिंग और वाटर स्पोर्ट्स के साथ करमा-सरहुल नृत्य, चाय बागान भ्रमण व होमस्टे का मिलेगा अनूठा अनुभव

जशपुरनगर, 21 नवंबर 2026/ जशपुर जिले की प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध जनजातीय विरासत और साहसिक पर्यटन की अपार संभावनाओं को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन जशपुर द्वारा आगामी 26 से 29 नवंबर 2026 तक चार दिवसीय ‘जशपुर जम्बूरी 2026’ (Jashpur Jamboree 2026) का भव्य आयोजन किया जा रहा है। ‘ए सेलिब्रेशन ऑफ एडवेंचर, कल्चर एंड कम्युनिटी’ की थीम पर आधारित यह महोत्सव छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल तथा ‘बेस्ट एडवेंचर टूरिज्म अवॉर्ड 2026’ (Best Adventure Tourism Award 2026) से सम्मानित संस्था ट्रिपी हिल्स (Trippy Hills) के विशेष सहयोग से आयोजित होगा। इस आयोजन में देशभर से आने वाले पर्यटकों और युवाओं को देशदेखा, मयाली नेचर कैंप, सरुडीह चाय बागान और नीमगांव बांध जैसी मनमोहक वादियों में रोमांच, लोक कला और प्रकृति के करीब रहने का अविस्मरणीय अवसर मिलेगा।

एडवेंचर, लोक संस्कृति और प्रकृति दर्शन का अनूठा संगम चार दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव में पर्यटकों और प्रतिभागियों के लिए साहसिक खेलों, पारंपरिक कला और इको-टूरिज्म की विविध गतिविधियां आयोजित की जाएंगी:

  • साहसिक एवं रोमांचक खेल (Adventure & Thrills): एडवेंचर प्रेमियों के लिए रॉक क्लाइम्बिंग, रैपलिंग, जिपलाइनिंग, हॉट एयर बैलून, जुमारिंग, बोल्डरिंग, टॉप रोप, एटीवी (ATV) राइड्स, पेंट बॉल और बॉक्स क्रिकेट जैसी रोमांचक गतिविधियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। इसके साथ ही मयाली नेचर कैंप में कयाकिंग, वाटर साइकिलिंग और मोटर बोटिंग जैसे वाटर स्पोर्ट्स का भी आयोजन किया जाएगा।
  • जनजातीय संस्कृति और शिल्प विरासत (Culture & Heritage): महोत्सव में छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक परंपराओं की जीवंत झलक देखने को मिलेगी, जिसमें करमा और सरहुल जनजातीय नृत्य, गोदना व ट्राइबल पेंटिंग, लोक नाट्य, कहानी वाचन और पारंपरिक जनजातीय व्यंजन शामिल हैं। इसके अलावा बांस, मिट्टी (पॉटरी), काष्ठ, लौह और छिंद शिल्प की विशेष कार्यशालाएं व संग्रहालय भ्रमण भी कराया जाएगा।
  • प्रकृति दर्शन और स्टारगेजिंग (Nature & Exploration): प्रकृति प्रेमियों के लिए नीमगांव बांध पर सनराइज बर्डवॉचिंग वॉक, सरुडीह चाय बागान की सैर, नेचर वॉक और रात के समय खुले आसमान के नीचे स्टारगेजिंग (तारों का अवलोकन) व बॉनफायर की विशेष व्यवस्था रहेगी।
  • ग्रामीण परिवेश और होमस्टे का अनुभव (Stay Close to Nature): आगंतुकों को स्थानीय ग्रामीण जीवनशैली से जोड़ने के लिए केरे विलेज स्थित महुआ, अमराई और बीजा होमस्टे के साथ-साथ खुले आसमान के नीचे टेंट कैंपिंग की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

चार दिवसीय कार्यक्रम की रूपरेखा महोत्सव को सुव्यवस्थित और यादगार बनाने के लिए चारों दिनों का विस्तृत कार्यक्रम तैयार किया गया है:

  • पहला दिन (26 नवंबर): देशदेखा बेस कैंप में प्रतिभागियों के पंजीयन और स्वागत सत्र के बाद आइस-ब्रेकिंग सेशन व ट्रेजर हंट चैलेंज होगा। शाम को लाइव रॉक बैंड की प्रस्तुति, ओपन जैम और रात में स्टारगेजिंग का आयोजन किया जाएगा।
  • दूसरा एवं तीसरा दिन (27 व 28 नवंबर): प्रतिभागियों को ग्रुप ‘ए’ और ग्रुप ‘बी’ में बांटकर रोटेशन के आधार पर एडवेंचर गतिविधियों में शामिल किया जाएगा। एक दिन प्रतिभागी देशदेखा में रॉक क्लाइम्बिंग, वॉल क्लाइम्बिंग और सरुडीह चाय बागान व संग्रहालय का भ्रमण करेंगे, जबकि दूसरे दिन मयाली नेचर कैंप में वाटर स्पोर्ट्स एवं लेकसाइड एडवेंचर के बाद शाम को सरना एथेनिक रिजॉर्ट में जनजातीय नृत्य और हाई-टी का आनंद लेंगे। दोनों रातों में बॉनफायर और कम्युनिटी गेम्स होंगे।
  • चौथा दिन (29 नवंबर): सुबह नीमगांव बांध में सनराइज बर्डवॉचिंग वॉक के पश्चात दोपहर में देशदेखा में ‘जनजातीय एवं समकालीन कला मेला’ का शुभारंभ होगा। इसमें स्थानीय शिल्पकारों के साथ हैंड्स-ऑन आर्ट वर्कशॉप के बाद शाम को समापन समारोह आयोजित किया जाएगा।

पंजीयन एवं संपर्क विवरण जशपुर जम्बूरी 2026 में शामिल होने के इच्छुक पर्यटक, युवा और एडवेंचर प्रेमी अपना ऑनलाइन पंजीयन करा सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 8770410285 एवं 9589816208 पर संपर्क किया जा सकता है। जशपुर पहुंचने के लिए निकटतम रेलवे स्टेशन अंबिकापुर (144 किमी), रांची (151 किमी) और रायपुर (424 किमी) हैं, जबकि निकटतम हवाई अड्डा झारसुगुड़ा (143 किमी), रांची (153 किमी) और रायपुर (416 किमी) में स्थित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *