मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की संवेदनशील पहल रंग लाई, छत्तीसगढ़ पटवारी संघ ने राज्यव्यापी हड़ताल की स्थगित

वेतन विसंगति और पदोन्नति की मांगों के निराकरण हेतु बनेगी उच्चस्तरीय समिति, हड़ताल अवधि में हुई कार्यवाहियों पर भी सहानुभूतिपूर्वक विचार का आश्वासन

रायपुर, 22 नवंबर 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की संवेदनशील पहल और सकारात्मक संवाद के बाद छत्तीसगढ़ पटवारी संघ ने अपनी राज्यव्यापी हड़ताल स्थगित करने की घोषणा कर दी है। रविवार को मुख्यमंत्री निवास में पटवारी संघ के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री श्री साय से औपचारिक मुलाकात कर अपनी मांगों से विस्तारपूर्वक अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने उनकी समस्याओं को पूरे धैर्य और सहानुभूति के साथ सुना तथा उचित निराकरण का भरोसा दिलाया, जिसके बाद संघ ने तत्काल प्रभाव से हड़ताल स्थगित करने का निर्णय लिया।

वेतन विसंगति और पदोन्नति के परीक्षण के लिए गठित होगी उच्चस्तरीय समिति चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री श्री साय ने पटवारियों की वेतन विसंगति एवं पदोन्नति संबंधी मांगों के परीक्षण के लिए एक उच्चस्तरीय समिति गठित करने के निर्देश दिए। यह समिति पटवारियों की मांगों के विभिन्न पहलुओं का गहन परीक्षण कर उनके निराकरण के संबंध में अपनी अनुशंसाएं राज्य शासन को प्रस्तुत करेगी। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने हड़ताल अवधि के दौरान पटवारियों के विरुद्ध हुई प्रशासनिक व अनुशासनात्मक कार्यवाहियों के संबंध में भी सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया।

संवाद और आपसी समझ से ही होना चाहिए कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान: सीएम साय मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने स्पष्ट कहा कि राज्य सरकार अपने कर्मचारियों की उचित मांगों और समस्याओं के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के मुद्दों का समाधान हमेशा संवाद और आपसी समझ के माध्यम से ही होना चाहिए।

छत्तीसगढ़ पटवारी संघ के पदाधिकारियों ने अपनी मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाने और उच्चस्तरीय समिति गठित करने का निर्णय लेने पर मुख्यमंत्री श्री साय के प्रति आभार व्यक्त किया है। पटवारियों की हड़ताल स्थगित होने से आम नागरिकों और किसानों से जुड़े राजस्व कार्यों में फिर से तेजी आएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *