रायपुर: ऐतिहासिक मुक्तेश्वर शिव मंदिर पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर मांगी प्रदेश की खुशहाली

धरसींवा के ग्राम चरौदा स्थित प्राचीन धाम में लिया भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद; ग्रामीणों के सामूहिक श्रमदान से हुआ है मंदिर का पुनर्निर्माण, पौष पूर्णिमा पर लगता है भव्य मेला

रायपुर, 22 नवंबर 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने रविवार को रायपुर जिले के धरसींवा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चरौदा स्थित ऐतिहासिक मुक्तेश्वर शिव मंदिर में भगवान भोलेनाथ की विधिवत पूजा-अर्चना की। उन्होंने देवाधिदेव महादेव का आशीर्वाद प्राप्त कर प्रदेशवासियों के सुखी, समृद्ध और खुशहाल जीवन तथा छत्तीसगढ़ की निरंतर प्रगति की कामना की।

गौरवशाली विरासत और सामाजिक एकता का प्रतीक है मुक्तेश्वर धाम इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती प्राचीन मंदिरों, धार्मिक आस्थाओं और समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं से परिपूर्ण है। मुक्तेश्वर धाम जैसे ऐतिहासिक धार्मिक स्थल हमारी गौरवशाली विरासत और लोक आस्था के जीवंत प्रतीक हैं। ऐसे पावन स्थलों से न केवल हमारी सांस्कृतिक पहचान को बल मिलता है, बल्कि समाज में एकता और सद्भाव की भावना भी सुदृढ़ होती है।

सामूहिक श्रमदान से हुआ पुनर्निर्माण, पौष पूर्णिमा पर लगता है तीन दिवसीय मेला ग्राम चरौदा स्थित यह प्राचीन मुक्तेश्वर धाम छत्तीसगढ़ की समृद्ध धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत का एक महत्वपूर्ण केंद्र है। विशेष बात यह है कि इस मंदिर का पुनर्निर्माण ग्रामीणों की अटूट आस्था और सामूहिक श्रमदान से किया गया है। प्रतिवर्ष पौष पूर्णिमा के पावन अवसर पर यहां तीन दिवसीय भव्य मेले का आयोजन होता है, जिसमें आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं।

दर्शन और पूजा-अर्चना के दौरान धरसींवा विधायक श्री अनुज शर्मा, पूर्व राज्यसभा सांसद श्री रणविजय सिंह जूदेव सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *