सीएम विष्णु देव साय पहुंचे अघोर गुरुपीठ बनोरा, अघोरेश्वर भगवान राम की प्रतिमा के समक्ष टेका मत्था, मांगी प्रदेश की खुशहाली

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय आज रायगढ़ जिले के प्रवास के दौरान ग्राम बनोरा स्थित प्रसिद्ध अघोर गुरुपीठ आश्रम पहुंचे। यहाँ उन्होंने अघोरेश्वर अवधूत भगवान राम जी की प्रतिमा के दर्शन किए और विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख, समृद्धि और शांति के लिए मंगल कामना की।

संतों का मिला सानिध्य

आश्रम प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री श्री साय ने अघोरेश्वर अवधूत जी के कृपापात्र शिष्य, पूज्य प्रियदर्शी भगवान राम जी से भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। मुख्यमंत्री ने संतों के सानिध्य को ऊर्जा का स्रोत बताते हुए कहा कि उनका स्नेह, मार्गदर्शन और आध्यात्मिक स्पर्श सदैव सकारात्मकता और नई प्रेरणा प्रदान करता है।

अध्यात्म और सुशासन का समन्वय

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि आध्यात्मिक मार्गदर्शन ही समाज को सही दिशा देने का कार्य करता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि जब जनसेवा के कार्यों में आध्यात्मिकता जुड़ जाती है, तो वे अधिक संवेदनशीलता और समर्पण के साथ पूरे होते हैं।

​मुख्यमंत्री ने कहा, “छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति, हमारी आध्यात्मिक परंपरा और सामाजिक सौहार्द ही हमारी सबसे बड़ी शक्ति है। इन्हीं मूल्यों को आधार बनाकर हमारी सरकार जनकल्याण, विकास और सुशासन के संकल्प को निरंतर आगे बढ़ा रही है।”

ये रहे उपस्थित

मुख्यमंत्री के इस दौरे के दौरान आश्रम परिसर में भक्तिमय वातावरण रहा। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित थे, जिन्होंने मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *