रायपुर: मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय आज नारायणपुर जिले के प्रवास के दौरान गरांजी स्थित परीयना दिव्यांग आवासीय विद्यालय में अचानक छात्रों के बीच पहुंचे। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर दिव्यांग बच्चों के चेहरे खिल उठे। संस्था के छात्र रंजीत बड्डे सहित अन्य बच्चों ने मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत किया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
इस दौरान विशेष आवश्यकता वाले बच्चों ने स्वागत गीत, हनुमान चालीसा और बस्तर अंचल के पारंपरिक गीतों की ऐसी सुंदर प्रस्तुति दी कि वहां मौजूद मुख्यमंत्री और अन्य अतिथि मंत्रमुग्ध हो गए। मुख्यमंत्री ने बच्चों की प्रतिभा की जमकर सराहना की और उन्हें चॉकलेट वितरित कर आशीर्वाद दिया।
बच्चों की मांग पर बस की सौगात
मुलाकात के दौरान बच्चों ने अपनी जरूरतों को साझा किया, जिस पर मुख्यमंत्री ने संवेदनशीलता दिखाते हुए विद्यालय को तत्काल एक बस उपलब्ध कराने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा, “शारीरिक कमी से कभी निराश नहीं होना चाहिए, क्योंकि विशेष आवश्यकता वाले व्यक्तियों पर ईश्वर का विशेष आशीर्वाद होता है। आप आत्मविश्वास के साथ मेहनत करें और आईएएस-आईपीएस जैसे उच्च पदों तक पहुंचें।”
स्कूल की यादें और बच्चों के सवाल
चर्चा के दौरान एक बच्ची के सवाल पर मुख्यमंत्री ने अपनी पुरानी यादें साझा कीं और बताया कि उन्हें बचपन में पिट्ठू और फुटबॉल जैसे खेल बहुत पसंद थे। उन्होंने विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं (ऑडियोलॉजी, फिजियोथेरेपी, कंप्यूटर शिक्षा) का पूरा लाभ उठाकर अपना भविष्य उज्ज्वल बनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा, बस्तर सांसद श्री महेश कश्यप, कमिश्नर श्री डोमन सिंह और आईजी श्री सुंदरराज पी. सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
