राजमिस्त्री और रेजा-कुली के बच्चे अब पढ़ेंगे बड़े आवासीय स्कूलों में

अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना से नारायणपुर के श्रमिक परिवारों के बच्चों को मिला गुणवत्तापूर्ण आवासीय शिक्षा का अवसर

रायपुर, 20 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ सरकार के भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल द्वारा संचालित अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना नारायणपुर जिले के श्रमिक परिवारों के बच्चों के लिए बेहतर शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य की राह खोल रही है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के ऐसे मेधावी बच्चों को प्रतिष्ठित आवासीय विद्यालयों में निःशुल्क शिक्षा का अवसर मिल रहा है, जहां पढ़ाना श्रमिक परिवारों के लिए पहले मुश्किल माना जाता था।

योजना के तहत जिले के पंजीकृत श्रमिकों के बच्चों को कक्षा 6वीं से 12वीं तक निःशुल्क गुणवत्तापूर्ण एवं आवासीय शिक्षा उपलब्ध कराई जा रही है। इससे दूरस्थ और आदिवासी क्षेत्रों के बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण में अपनी प्रतिभा को निखारने का अवसर मिल रहा है।

राजमिस्त्री के बेटे का राजकुमार कॉलेज में चयन

ग्राम खरगांव निवासी और राजमिस्त्री का कार्य करने वाले रामधर दुग्गा के पुत्र साहिल दुग्गा का चयन रायपुर के प्रतिष्ठित राजकुमार कॉलेज में हुआ है। साहिल के चयन से परिवार में खुशी का माहौल है।

रामधर दुग्गा के लिए अपने बेटे को ऐसे प्रतिष्ठित विद्यालय में पढ़ाना आसान नहीं था। उनका कहना है कि श्रमिक परिवार की सीमित आय के कारण बड़े आवासीय विद्यालय में बच्चों की पढ़ाई की कल्पना करना भी कठिन था। योजना के माध्यम से उनके बेटे को यह अवसर मिलने से परिवार की चिंता काफी कम हुई है।

रेजा-कुली की बेटी तेजल का DPS राजनांदगांव में चयन

नारायणपुर के जगदीश मंदिर वार्ड निवासी डिगेश्वरी जैन स्वयं रेजा-कुली का काम करती हैं। उनकी बेटी तेजल जैन का चयन दिल्ली पब्लिक स्कूल (DPS), राजनांदगांव में निःशुल्क अध्ययन के लिए हुआ है।

तेजल के चयन को परिवार अपने लिए शिक्षा और बेहतर भविष्य की दिशा में बड़ा अवसर मान रहा है। सीमित आर्थिक संसाधनों के बावजूद बेटी को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलने से परिवार में उत्साह है।

दूरस्थ गांवों के बच्चों को भी मिला अवसर

ओरछा तहसील के सुदूर ग्राम कुतुल की रेजा-कुली गणेशिया उसेंडी की बेटी दिप्ती उसेंडी का चयन संस्कार द गुरुकुल, बस्तर में हुआ है।

इसी तरह ग्राम बाकुलवाही निवासी दयाल सिंह पात्र की पुत्री पूर्वी पात्र का भी चयन संस्कार द गुरुकुल, बस्तर में हुआ है। ग्राम बोरण्ड निवासी बेनु राम राना के पुत्र हिमांशु राना को कृष्णा एजुकेशन सोसायटी, भिलाई में रहकर पढ़ाई करने का अवसर मिला है।

शिक्षा के साथ आत्मविश्वास को भी मिल रहा बढ़ावा

अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना केवल निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है। आवासीय विद्यालयों में बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण, सुविधाएं और अपनी प्रतिभा विकसित करने के अवसर मिल रहे हैं। इससे दूरस्थ क्षेत्रों के बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ने और उन्हें भविष्य की प्रतियोगिताओं एवं करियर की चुनौतियों के लिए तैयार होने में मदद मिल रही है।

योजना से लाभान्वित श्रमिक परिवारों ने इस पहल के लिए श्रम विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया है। हितग्राही परिवारों ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय और श्रम मंत्री श्री लखनलाल देवांगन के प्रति भी धन्यवाद व्यक्त किया।

श्रमिक परिवारों के बच्चों को प्रतिष्ठित आवासीय विद्यालयों में शिक्षा का अवसर मिलना उनके लिए बेहतर करियर की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। योजना के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी बच्चों को शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *