बैकुंठपुर, 17 फरवरी 2026: मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में आज कोरिया के बैकुंठपुर में सरगुजा क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण की अहम बैठक संपन्न हुई। इस अवसर पर प्राधिकरण की उपाध्यक्ष श्रीमती गोमती साय विशेष रूप से उपस्थित रहीं। बैठक में सरगुजा संभाग के जिलों में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की गई और भविष्य की योजनाओं के लिए महत्वपूर्ण वित्तीय स्वीकृति दी गई।

श्रीमती गोमती साय और जनप्रतिनिधियों के सुझावों पर अमल
बैठक के दौरान उपाध्यक्ष श्रीमती गोमती साय और अन्य क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों द्वारा प्रस्तुत प्रस्तावों के आधार पर 543 विकास कार्यों के लिए 4905.58 लाख रुपये की वित्तीय स्वीकृति दी गई। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि प्राधिकरण के माध्यम से पिछड़े और वनांचल क्षेत्रों को मुख्यधारा से जोड़ने के प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।

जनजातीय सशक्तिकरण पर जोर
प्राधिकरण की बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए 50 करोड़ रुपये के बजट प्रावधान को सर्वसम्मति से स्वीकार किया गया। मुख्यमंत्री ने उपाध्यक्ष और मंत्रियों की मौजूदगी में अधिकारियों को निर्देश दिए कि:
- पेयजल और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं में कोई लापरवाही न हो।
- प्रभावित क्षेत्रों में हाईमास्ट सोलर लाइट लगाई जाए।
- निर्माण कार्यों की गुणवत्ता उच्च स्तर की हो और सभी कार्य समय-सीमा में पूरे किए जाएं।
बैठक में रही दिग्गजों की मौजूदगी
बैठक में उपाध्यक्ष श्रीमती गोमती साय के अलावा कृषि मंत्री श्री रामविचार नेताम, स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल, खाद्य मंत्री श्री दयालदास बघेल, महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े सहित संभाग के सांसद और विधायकगण उपस्थित रहे।
