मुख्यमंत्री श्री साय के जन्मदिन का अनमोल उपहार; बगिया के बालक आश्रम में सादगी से मनाया 62वां जन्मदिवस

जशपुर, 21 फरवरी 2026: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने आज अपना 62वां जन्मदिवस किसी भव्य आयोजन के बजाय जशपुर के बगिया स्थित बालक आश्रम के नन्हे बच्चों के बीच बेहद सादगी और स्नेह के साथ मनाया। मुख्यमंत्री को अपने बीच एक अभिभावक के रूप में पाकर आदिवासी समुदाय के इन बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।

बच्चों के साथ बिताए आत्मीय पल

जैसे ही मुख्यमंत्री आश्रम परिसर पहुँचे, बच्चों ने दौड़कर उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने बच्चों के साथ केक काटा और उन्हें अपने हाथों से चॉकलेट खिलाई। इस दौरान श्री साय किसी ऊंचे पद पर आसीन व्यक्ति नहीं, बल्कि बच्चों के साथ घुल-मिलकर बातें करते एक स्नेही बड़े बुजुर्ग की तरह नजर आए। उन्होंने बच्चों से उनकी पढ़ाई, उनके नाम और भविष्य के सपनों के बारे में विस्तार से चर्चा की।

“आपकी मुस्कान ही मेरा सबसे बड़ा गिफ्ट”

बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “आप सब बच्चों की यह निश्छल मुस्कान ही मेरे जन्मदिन का सबसे बड़ा उपहार है। आप खूब मन लगाकर पढ़ाई करें, बड़े सपने देखें और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करें।” मुख्यमंत्री के इन शब्दों ने बच्चों के भीतर आत्मविश्वास और प्रेरणा का संचार किया।

इनकी रही उपस्थिति

इस खास मौके पर विधायक श्रीमती गोमती साय, कमिश्नर श्री नरेंद्र दुग्गा, आईजी श्री दीपक कुमार झा, कलेक्टर श्री रोहित व्यास और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उम्मेद सिंह सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और आश्रम का स्टाफ मौजूद रहा।

​उल्लेखनीय है कि इस आश्रम में पहली से पांचवीं कक्षा तक के छात्र अध्ययनरत हैं। मुख्यमंत्री का इस तरह बच्चों के बीच पहुंचना न केवल उनके जन्मदिन को खास बना गया, बल्कि बच्चों के लिए भी यह एक अविस्मरणीय स्मृति बन गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *