जशपुर जिले के विकासखंड मनोरा में दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने और उन्हें सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ पहुँचाने के उद्देश्य से एक विशेष ‘सशक्तिकरण शिविर’ का आयोजन किया गया। कलेक्टर श्री रोहित व्यास के दिशा-निर्देशों के अनुरूप समाज कल्याण विभाग द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मनोरा में आयोजित इस शिविर में दिव्यांगजनों के प्रमाणीकरण, यूडीआईडी (UDID) कार्ड निर्माण और सहायक उपकरणों का वितरण किया गया।
जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में बांटे गए उपकरण
शिविर में मुख्य रूप से पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शांति भगत और पूर्व जनपद अध्यक्ष श्रीमती सुषमा सिंह सहित अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। अतिथियों द्वारा दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में 8 हितग्राहियों को मोटराइज्ड ट्राई साइकिल, हस्त चलित ट्राई साइकिल, व्हीलचेयर और श्रवण यंत्र प्रदान किए गए। साथ ही मौके पर ही दिव्यांगता प्रमाण पत्र और यूडीआईडी कार्ड भी सौंपे गए।
79 दिव्यांगजनों ने कराया पंजीयन
शिविर में कुल 79 दिव्यांगजनों ने अपना पंजीयन कराया, जिसमें से:
- 32 दिव्यांगजनों के नए प्रमाण पत्र बनाए गए।
- 32 यूडीआईडी कार्ड तैयार किए गए।
- 04 डुप्लीकेट प्रमाण पत्र जारी किए गए।
- 07 दिव्यांगजनों को विशेष जांच के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया।
- 02 हितग्राहियों ने पेंशन के लिए आवेदन दिया, जबकि 6 अन्य ने विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी ली।
इसके अलावा, 3 दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग निर्माण के लिए चिन्हांकित किया गया है, जिन्हें जल्द ही कृत्रिम अंग उपलब्ध कराए जाएंगे। इस पहल से दिव्यांगजनों को एक ही छत के नीचे पहचान पत्र, सहायक उपकरण और पेंशन योजनाओं का लाभ प्राप्त हुआ, जिससे उन्हें अब जिला मुख्यालय के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।
