प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के ‘सुशासन के संकल्प’ के साथ छत्तीसगढ़ में जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। शासन का मुख्य लक्ष्य प्रत्येक पात्र परिवार तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुँचाना है, ताकि उनके जीवन स्तर में वास्तविक सुधार आ सके। इसी कड़ी में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के माध्यम से जशपुर जिले की गरीब एवं जरूरतमंद महिलाओं को निःशुल्क गैस कनेक्शन प्रदान कर उन्हें रसोई के जानलेवा धुएँ से मुक्ति दिलाई जा रही है।
मुख्यमंत्री के हाथों गैस सिलेंडर पाकर खिलीं मुस्कान
जशपुर जिले के विकासखंड बगीचा में हाल ही में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने स्वयं पात्र महिलाओं को गैस कनेक्शन वितरित किए। इस अवसर पर लाभार्थियों ने सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। बगीचा निवासी श्रीमती क्रांति यादव ने मुख्यमंत्री के हाथों गैस सिलेंडर प्राप्त करने के बाद अपनी प्रसन्नता साझा करते हुए कहा कि अब उन्हें पारंपरिक लकड़ी के चूल्हे के धुएँ से छुटकारा मिलेगा। उन्होंने बताया कि पहले रसोई में धुएँ के कारण आँखों में जलन और सांस लेने में भारी परेशानी होती थी, लेकिन अब वे स्वच्छ वातावरण में आसानी से भोजन बना सकेंगी।
समय की बचत और बेहतर स्वास्थ्य
इसी तरह ग्राम मड़िया निवासी श्रीमती फूलमती नगेसिया ने बताया कि वे अब तक लकड़ी और उपलों के चूल्हे पर निर्भर थीं, जिससे घर का वातावरण खराब होता था और खाना बनाने में काफी समय लगता था। निःशुल्क गैस कनेक्शन मिलने से अब खाना जल्दी और साफ-सुथरे तरीके से बनेगा, जिससे उनके समय और श्रम दोनों की बचत होगी।
सशक्तिकरण की ओर बढ़ता कदम
प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना न केवल महिलाओं के स्वास्थ्य में सुधार कर रही है, बल्कि यह पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी एक बड़ा कदम है। धुएँ से मुक्ति मिलने के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव साफ दिखाई दे रहा है। राज्य सरकार की इस पहल से जिले की महिलाएं अब अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक जीवन जी रही हैं।
