रायपुर, 6 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन कर रही है। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के माध्यम से प्रदेश के हजारों परिवार आर्थिक बचत, ऊर्जा आत्मनिर्भरता और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। यह योजना बिजली बिल में राहत देने के साथ-साथ स्वच्छ एवं अक्षय ऊर्जा को बढ़ावा देकर हरित छत्तीसगढ़ के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
इस योजना का लाभ उठाने वालों में गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के पेंड्रा निवासी श्री लखन लाल कश्यप एक प्रेरणादायक उदाहरण बनकर सामने आए हैं। उन्होंने अपने घर की छत पर 5 किलोवाट क्षमता का सोलर रूफटॉप संयंत्र स्थापित कराया है, जिसके बाद उनका मासिक बिजली बिल पूरी तरह शून्य हो गया है। इससे उनके परिवार की मासिक बचत बढ़ी है और वे स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान दे रहे हैं।
श्री लखन लाल कश्यप ने बताया कि योजना की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने आवेदन किया और निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने पर उनके घर पर सोलर रूफटॉप संयंत्र स्थापित किया गया। केंद्र और राज्य सरकार से प्राप्त अनुदान के कारण संयंत्र की स्थापना की लागत काफी कम हो गई, जिससे सौर ऊर्जा अपनाना उनके लिए आसान और किफायती बन गया।
उन्होंने बताया कि पहले हर महीने बिजली बिल का भुगतान करना पड़ता था, जिससे घरेलू बजट पर अतिरिक्त बोझ पड़ता था। अब बिजली बिल पूरी तरह समाप्त हो चुका है और होने वाली बचत का उपयोग परिवार की अन्य आवश्यकताओं में किया जा रहा है। साथ ही उन्हें इस बात का संतोष है कि वे स्वच्छ ऊर्जा के माध्यम से प्रदूषण कम करने और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में भी योगदान दे रहे हैं।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार अक्षय ऊर्जा को बढ़ावा देने, ऊर्जा आत्मनिर्भरता को मजबूत करने और आम नागरिकों तक स्वच्छ ऊर्जा के लाभ पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से प्रदेश में अधिकाधिक परिवार सौर ऊर्जा को अपना रहे हैं, जिससे बिजली खर्च में उल्लेखनीय कमी आने के साथ कार्बन उत्सर्जन घटाने के राष्ट्रीय लक्ष्य को भी मजबूती मिल रही है।
श्री लखन लाल कश्यप ने कहा कि सौर ऊर्जा भविष्य की सबसे भरोसेमंद, किफायती और पर्यावरण हितैषी ऊर्जा है। उन्होंने प्रदेश के पात्र परिवारों से प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का लाभ उठाकर अपने घरों में सोलर रूफटॉप संयंत्र स्थापित कराने की अपील की।
उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की इस जनहितकारी योजना ने सौर ऊर्जा को आम नागरिकों की पहुंच में ला दिया है। उनके अनुसार यह योजना आर्थिक बचत, ऊर्जा सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण जैसे तीन महत्वपूर्ण उद्देश्यों को एक साथ पूरा करने वाली दूरदर्शी पहल है।
राज्य सरकार का लक्ष्य है कि अधिक से अधिक परिवार प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना से जुड़ें, अपने बिजली व्यय में बचत करें, स्वच्छ ऊर्जा को अपनाएं और विकसित एवं हरित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सहभागी बनें।
