राष्ट्रपति भवन में प्रतिभा और लोक संस्कृति की छाप छोड़ लौटे छत्तीसगढ़ के होनहार, CM विष्णु देव साय ने की हौसलाअफजाई

रायपुर। राष्ट्रपति भवन में देश की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु से आत्मीय भेंट और संवाद कर लौटे छत्तीसगढ़ के प्रतिभावान विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने मंगलवार को मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने राष्ट्रपति भवन की अपनी यादगार यात्रा और राष्ट्रपति महोदया के साथ हुई चर्चा के प्रेरक अनुभव मुख्यमंत्री के साथ साझा किए।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि राष्ट्रपति भवन में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करना और वहां अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाना पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के बच्चों में असीम संभावनाएं हैं; सही मंच और प्रोत्साहन मिलने पर वे राष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन कर सकते हैं।

राष्ट्रपति ने विशेष छात्र को बांधी राखी, सुवा नृत्य ने मोहा मन

रक्षाबंधन के अवसर पर छत्तीसगढ़ के इन विद्यार्थियों को राष्ट्रपति भवन में आमंत्रित किया गया था। इस दौरान एक अत्यंत भावुक क्षण तब देखने को मिला जब राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने रायपुर के विशेष आवश्यकता वाले (CWSN) छात्र नुकेश कुमार वर्मा को स्वयं राखी बांधी।

इसके साथ ही, छात्राओं ने राष्ट्रपति भवन में छत्तीसगढ़ की पारंपरिक लोक संस्कृति के प्रतीक ‘सुवा नृत्य’ की मनमोहक प्रस्तुति दी। राष्ट्रपति महोदया ने लोक गीतों और नृत्य की सराहना करते हुए बच्चों को जीवन में बड़े लक्ष्य तय करने और निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

“सपनों को बड़ा रखें और आत्मविश्वास से आगे बढ़ें” – CM साय

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी लोक संस्कृति और परंपराएं हमारी अमूल्य धरोहर हैं। जब नई पीढ़ी देश के सर्वोच्च मंचों पर इसे प्रस्तुत करती है, तो राज्य की पहचान और अधिक समृद्ध होती है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि राष्ट्रपति महोदया से मिले स्नेह और प्रोत्साहन को अपनी प्रेरणा बनाएं और पूरी लगन के साथ पढ़ाई जारी रखकर अपने लक्ष्यों को हासिल करें।

दल में ये प्रतिभावान विद्यार्थी और शिक्षक रहे शामिल

राष्ट्रपति भवन जाने वाले प्रतिनिधिमंडल में शामिल छात्र-छात्राएं:

  • राजवती पोयाम (नारायणपुर)
  • हिमांशु ठाकुर (सुकमा)
  • पायल राजानी (दुर्ग)
  • रागनी साहू (महासमुंद)
  • नुकेश कुमार वर्मा (रायपुर)
  • दुर्गेश साहू एवं डिगेश सेन (महासमुंद)

इस अवसर पर विद्यार्थियों के साथ समग्र शिक्षा रायपुर की राज्य नोडल अधिकारी डॉ. मुक्ति बैस तथा शासकीय आशी बाई गोलछा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय महासमुंद के भौतिकी व्याख्याता श्री चंद्रशेखर मिथलेश भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *