रायपुर (छत्तीसगढ़)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सुशासन में संचालित ‘पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना’ आम नागरिकों को बिजली के भारी-भरकम खर्च से राहत दिलाने के साथ स्वच्छ ऊर्जा की दिशा में मजबूत संबल बन रही है। रायपुर जिले के ग्राम दशरमा की निवासी तारणी घृतलहरे ने केंद्र और राज्य सरकार द्वारा दी जा रही आकर्षक सब्सिडी का लाभ उठाकर अपने घर की छत पर रूफटॉप सोलर पैनल स्थापित कराया है। अब उनके घर में पारंपरिक ग्रिड बिजली पर निर्भरता घटी है और सौर ऊर्जा का उजाला फैल रहा है।
बढ़ते बिजली बिल से थीं परेशान, सब्सिडी ने दी नई राह
तारणी घृतलहरे ने अपना अनुभव साझा करते हुए बताया कि हर महीने आने वाले महंगे बिजली बिल उनके घरेलू बजट को प्रभावित कर रहे थे। इस समस्या से निजात पाने के लिए उन्होंने शासन की ‘पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना’ की जानकारी ली। केंद्र और राज्य सरकार की ओर से रूफटॉप सोलर सिस्टम पर मिल रही सीधी वित्तीय सब्सिडी की सुविधा ने उन्हें सोलर पैनल लगवाने के लिए प्रेरित किया। त्वरित प्रक्रिया और सरकारी सहयोग से उनके घर की छत पर सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित हो गया।
आर्थिक बचत के साथ पर्यावरण संरक्षण का संकल्प
सोलर पैनल लगने के बाद तारणी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि अब बिजली के बिल में भारी कटौती होने की पूरी उम्मीद है। उन्होंने कहा, “सोलर पैनल लगवाने के बाद हमें आर्थिक बचत तो हो ही रही है, साथ ही यह पर्यावरण को स्वच्छ और सुरक्षित रखने की दिशा में भी एक सार्थक कदम है।”
उन्होंने आम नागरिकों से भी सौर ऊर्जा अपनाने का आह्वान करते हुए कहा, “आप सभी अपने घरों की छतों पर सोलर पैनल अवश्य लगवाएं। यह न केवल परिवार के बिजली खर्च को घटाकर बचत बढ़ाता है, बल्कि हमारी आने वाली पीढ़ियों के लिए पर्यावरण को सुरक्षित रखने में भी मददगार साबित होता है।”
योजना के तहत मिल रहे प्रमुख लाभ:
- दोहरी सब्सिडी सुविधा: केंद्र और राज्य सरकार द्वारा छत पर सोलर पैनल लगाने के लिए बैंक खातों में सीधी सब्सिडी दी जा रही है।
- मुफ्त बिजली और बचत: सौर ऊर्जा उत्पादन से घरेलू बिजली बिल में भारी कमी आती है और अधिशेष बिजली नेट मीटरिंग के जरिए ग्रिड को दी जा सकती है।
- हरित ऊर्जा को प्रोत्साहन: जीवाश्म ईंधन पर निर्भरता घटाकर कार्बन उत्सर्जन कम करने में हर घर की सीधी भागीदारी सुनिश्चित हो रही है।
