ओडिशा प्रवास: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पूर्व राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन से की सौजन्य मुलाकात, जाना कुशलक्षेम

भुवनेश्वर , 21 सितंबर:

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने ओडिशा प्रवास के दौरान राजधानी भुवनेश्वर में राज्य के पूर्व राज्यपाल एवं वरिष्ठ राजनेता विश्वभूषण हरिचंदन से उनके निवास पर सौजन्य भेंट की।

मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री साय ने पूर्व राज्यपाल का शॉल व पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिवादन किया तथा उनके स्वास्थ्य और कुशलक्षेम की जानकारी ली। दोनों वरिष्ठ नेताओं के बीच आत्मीय माहौल में समसामयिक विषयों और छत्तीसगढ़ में पूर्व राज्यपाल के कार्यकाल से जुड़े अनुभवों पर सकारात्मक चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ के राज्यपाल के रूप में श्री हरिचंदन का मार्गदर्शन और अनुभव राज्य के प्रशासनिक व जनहितैषी कार्यों में सदैव प्रेरणादायक रहा है।उन्होंने महाप्रभु जगन्नाथ से उनके दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।

वहीं, पूर्व राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन ने भी मुख्यमंत्री साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए छत्तीसगढ़ के विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं की सफलता के लिए अपनी शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर दोनों नेताओं के बीच दोनों पड़ोसी राज्यों के सांस्कृतिक व ऐतिहासिक संबंधों पर भी अनौपचारिक चर्चा हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *