मुद्रा योजना से मिले 1 लाख रुपये के ऋण से बढ़ाया किराना व्यवसाय, अब हर माह हो रही 35 हजार रुपये तक की बिक्री
दुलदुला/जशपुरनगर, 21 नवंबर 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) ग्रामीण अंचल की महिलाओं के जीवन में बड़ा आर्थिक बदलाव ला रहा है। जशपुर जिले के दुलदुला विकासखंड अंतर्गत ग्राम सिमड़ा की श्रीमती पूनम देवी इस बदलाव की एक प्रेरक मिसाल बनकर उभरी हैं। कभी सीमित संसाधनों और मजदूरी के सहारे परिवार चलाने वाली पूनम देवी आज ‘गणेश महिला स्व-सहायता समूह’ से जुड़कर क्षेत्र में ‘लखपति दीदी’ के रूप में अपनी नई पहचान बना रही हैं।
मजदूरी के सहारे चलता था घर, समूह से जुड़कर मिली नई राह पूनम देवी बताती हैं कि पहले वे केवल घर-गृहस्थी के कामकाज तक ही सीमित थीं और परिवार की जरूरतों को पूरा करने के लिए उन्हें मजदूरी का सहारा लेना पड़ता था। सीमित आमदनी के कारण घर की आवश्यकताएं पूरी करना कठिन था। इसी दौरान उन्होंने गणेश महिला स्व-सहायता समूह से जुड़ने का निर्णय लिया। समूह में आने के बाद उन्हें नियमित बचत, ऋण सुविधा और स्वरोजगार के विभिन्न अवसरों की जानकारी मिली। समूह की अन्य महिलाओं को मछली पालन, बकरी पालन और अन्य आजीविका गतिविधियों से जुड़कर आय अर्जित करते देख उनमें भी आगे बढ़ने का हौसला जागा।
1 लाख के मुद्रा लोन से दी किराना दुकान को नई रफ्तार मार्च 2025 में पूनम देवी ने मुद्रा योजना के तहत 1 लाख रुपये का ऋण प्राप्त किया। इस राशि का उपयोग उन्होंने अपनी छोटी सी किराना दुकान के विस्तार में किया। दुकान को व्यवस्थित करने और सामग्री बढ़ाने के बाद उनके व्यवसाय में तेजी से बढ़ोतरी होने लगी। वर्तमान में उनकी दुकान से हर माह लगभग 30 से 35 हजार रुपये तक की बिक्री हो रही है।
परिवार को मिला आर्थिक संबल, बच्चों की पढ़ाई हुई आसान व्यवसाय से हो रही इस नियमित आय से पूनम देवी अब न केवल अपने परिवार का बेहतर भरण-पोषण कर रही हैं, बल्कि अपने बच्चों की पढ़ाई-लिखाई भी अच्छे तरीके से करा पा रही हैं। पूनम देवी का कहना है कि स्व-सहायता समूह से जुड़ने के बाद उनके जीवन में आर्थिक स्थिरता और आत्मविश्वास दोनों आए हैं। आज वे न केवल अपने परिवार का मजबूत सहारा बनी हैं, बल्कि ग्राम सिमड़ा सहित आसपास की अन्य महिलाओं के लिए भी आत्मनिर्भरता की प्रेरणा बन गई हैं।
