पीएम स्वनिधि योजना में छत्तीसगढ़ का परचम: देशभर में जीते पांच राष्ट्रीय पुरस्कार, ‘फास्टेस्ट मूवर्स’ श्रेणी में हासिल किया पहला स्थान

नई दिल्ली में उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने ग्रहण किए सम्मान; डिजिटल अडॉप्शन में बड़े बचेली को पहला, दंतेवाड़ा और बिलासपुर को मिला दूसरा स्थान

रायपुर/नई दिल्ली, 20 नवंबर 2026/ प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और पथ विक्रेताओं (स्ट्रीट वेंडर्स) के आर्थिक सशक्तिकरण में छत्तीसगढ़ ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा शुक्रवार को नई दिल्ली स्थित डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित ‘स्वनिधि सम्मान अवार्ड्स-2026’ में छत्तीसगढ़ को कुल पांच राष्ट्रीय पुरस्कारों से नवाजा गया। राज्य ने ‘फास्टेस्ट मूवर्स’ श्रेणी में देश में प्रथम और ‘इनोवेशन एंड बेस्ट प्रैक्टिसेज’ श्रेणी में द्वितीय स्थान प्राप्त किया है। उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन तथा विकास मंत्री श्री अरुण साव ने केंद्रीय मंत्री श्री मनोहर लाल और केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू की उपस्थिति में ये दोनों राज्य स्तरीय पुरस्कार ग्रहण किए।

डिजिटल अडॉप्शन में बड़े बचेली, दंतेवाड़ा और बिलासपुर ने मारी बाजी समारोह में प्रदेश के तीन नगरीय निकायों ने ‘डिजिटल अडॉप्शन’ (डिजिटल लेनदेन को बढ़ावा देने) की श्रेणी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय सम्मान हासिल किया:

  • बड़े बचेली (प्रथम स्थान): एक लाख से कम जनसंख्या वाले नगरीय निकायों की श्रेणी में नगर पालिका परिषद बड़े बचेली ने देशभर में पहला स्थान हासिल किया।
  • दंतेवाड़ा (द्वितीय स्थान): एक लाख से कम जनसंख्या वाले निकायों की इसी श्रेणी में नगर पालिका परिषद दंतेवाड़ा देश में दूसरे स्थान पर रहा।
  • बिलासपुर (द्वितीय स्थान): एक लाख से 10 लाख तक की जनसंख्या वाले नगरीय निकायों की श्रेणी में नगर पालिक निगम बिलासपुर को राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान प्राप्त हुआ।

अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक विकास पहुंचाना हमारा संकल्प: मुख्यमंत्री श्री साय इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित पीएम स्वनिधि योजना छोटे व्यवसायियों को आत्मनिर्भर बनाने में अहम भूमिका निभा रही है। छत्तीसगढ़ को पांच राष्ट्रीय पुरस्कार मिलना पूरे प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार का संकल्प है कि विकास का लाभ समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंचे और पथ विक्रेताओं को सम्मानजनक आजीविका के अवसर मिलें।

वहीं, उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने कहा कि यह सम्मान प्रदेश के नगरीय निकायों की बेहतर कार्यप्रणाली और समर्पित प्रयासों का परिणाम है। इस योजना से पथ विक्रेताओं को संस्थागत ऋण और डिजिटल लेनदेन से जोड़कर उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया जा रहा है।

समारोह में वरिष्ठ अधिकारी और निकाय प्रमुख रहे मौजूद नई दिल्ली में आयोजित पुरस्कार समारोह के दौरान नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव श्री सोनमणि बोरा, संचालक श्री निलेश महादेव क्षीरसागर तथा राज्य शहरी विकास अभिकरण (SUDA) के उप मुख्य कार्यपालन अधिकारी (मिशन) श्री सुनील अग्रहरी उपस्थित रहे। इसके साथ ही नगर पालिक निगम बिलासपुर की महापौर श्रीमती पूजा विधानी व आयुक्त श्री प्रकाश कुमार सर्वे, नगर पालिका परिषद दंतेवाड़ा की अध्यक्ष श्रीमती पायल गुप्ता व सीएमओ श्री अरुण कुमार ध्रुव तथा नगर पालिका परिषद बड़े बचेली के अध्यक्ष श्री राजू जायसवाल व सीएमओ श्री पी.टी.एम. कृष्णा राव ने अपने-अपने निकायों की ओर से सम्मान प्राप्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *