जशपुर: शासकीय हाई सेकेंडरी स्कूल कोरना में ‘पड़ोस युवा संसद’ का आयोजन, विद्यार्थियों ने ली नशा मुक्ति की शपथ

‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान के तहत नशे के दुष्प्रभावों पर हुई चर्चा, जागरूकता वीडियो के जरिए दिया सकारात्मक जीवन जीने का संदेश

कोरना/जशपुरनगर, 21 नवंबर 2026/ युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत ‘मेरा युवा भारत’ (MY Bharat) जशपुर द्वारा शनिवार को शासकीय हाई सेकेंडरी स्कूल, कोरना में ‘पड़ोस युवा संसद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री राजकुमार सिंह एवं अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों और युवाओं में सामाजिक व राष्ट्रीय मुद्दों के प्रति समझ विकसित करना तथा उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करना रहा।

‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ पर विशेष संवाद और वीडियो प्रदर्शन कार्यक्रम के दौरान ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान के तहत नशे के दुष्प्रभावों और नशामुक्त समाज के महत्व पर विस्तार से चर्चा की गई। विद्यार्थियों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान के प्रति सचेत करने के लिए एक विशेष जागरूकता वीडियो भी दिखाया गया।

वक्ता के रूप में उपस्थित श्री वी. बी. निराला, श्री रामवृक्ष नाग, श्री अजय चंद्रा एवं श्रीमती रीता मिंज ने युवाओं को संबोधित करते हुए उनसे नशे से दूर रहने, रचनात्मक व सकारात्मक गतिविधियों में हिस्सा लेने तथा समाज में नशा मुक्ति का संदेश फैलाने का आह्वान किया।

अतिथियों और विद्यार्थियों ने लिया नशा मुक्ति का संकल्प कार्यक्रम के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि, वक्ताओं, शिक्षकों और सभी विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से नशा मुक्ति की शपथ ली। सभी ने संकल्प लिया कि वे स्वयं किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहेंगे और अपने परिवार व समाज के अन्य लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करेंगे। ‘मेरा युवा भारत’ जशपुर की इस पहल के माध्यम से युवाओं में सामाजिक उत्तरदायित्व, जनजागरूकता और सकारात्मक नेतृत्व की भावना को मजबूती मिली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *