मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की संवेदनशीलता: चोटिल पूर्व सांसद नंदकुमार साय को गृह ग्राम से अपने हेलिकॉप्टर में लेकर आए रायपुर

पैर में चोट के कारण चलने-फिरने में हो रही थी तकलीफ; जशपुर प्रवास के दौरान निवास पहुंचकर जाना था हाल, बेहतर इलाज के लिए रायपुर के बालाजी अस्पताल में कराया भर्ती

रायपुर/जशपुरनगर, 23 नवंबर 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने वरिष्ठ आदिवासी नेता एवं पूर्व सांसद श्री नंदकुमार साय के स्वास्थ्य के प्रति आत्मीयता और संवेदनशीलता दिखाते हुए उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए अपने साथ हेलिकॉप्टर से रायपुर लेकर आए हैं। सोमवार को पत्रकारों से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री श्री साय ने उनके स्वास्थ्य और उपचार की व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी दी।

दो दिन पहले फिसलकर गिरने से पैर में आई थी चोट मुख्यमंत्री श्री साय ने बताया कि दो दिन पहले श्री नंदकुमार साय फिसलकर गिर गए थे, जिसके कारण उनके पैर में चोट लग गई है। रविवार को अपने जशपुर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री को उनके निवास के समीप ही आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने का अवसर मिला था। इस दौरान मुख्यमंत्री श्री साय रात में स्वयं श्री नंदकुमार साय के निवास पहुंचे और उनसे मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य का हाल जाना।

यात्रा की असुविधा से बचाने हेलिकॉप्टर से लाए साथ, बालाजी अस्पताल में उपचार की व्यवस्था मुख्यमंत्री ने कहा कि पैर में चोट लगने की वजह से श्री नंदकुमार साय को चलने-फिरने में काफी तकलीफ हो रही थी। चूंकि सोमवार को मुख्यमंत्री को जशपुर से रायपुर लौटना ही था, इसलिए उन्होंने श्री साय को यात्रा की किसी भी असुविधा से बचाने और बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अपने साथ हेलिकॉप्टर में रायपुर लाने का निर्णय लिया। मुख्यमंत्री ने बताया कि श्री नंदकुमार साय के समुचित और बेहतर उपचार के लिए राजधानी रायपुर स्थित बालाजी अस्पताल में व्यवस्था की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *