14 वर्ष की पात्र बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए टीकाकरण पर जोर; माइकिंग और IEC गतिविधियों से गांव-गांव पहुंचेगा स्वास्थ्य संदेश
जशपुरनगर, 23 नवंबर 2026/ जिले की बेटियों को गंभीर बीमारियों से सुरक्षित रखने की दिशा में स्वास्थ्य विभाग ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। सोमवार को ‘मिशन HPV सुरक्षा कवच–जशपुर 2026’ के अंतर्गत एचपीवी (HPV) टीकाकरण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विशेष प्रचार-प्रसार अभियान का शुभारंभ किया गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) कार्यालय परिसर से जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. वी.के. इंदवार ने प्रचार-प्रसार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
गांव-गांव जाकर सर्वाइकल कैंसर से बचाव का संदेश देगा प्रचार वाहन अभियान के तहत यह प्रचार वाहन जिले के विभिन्न ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों का भ्रमण करेगा। वाहन के माध्यम से माइकिंग तथा सूचना, शिक्षा और संचार (IEC) गतिविधियों के जरिए आम नागरिकों को एचपीवी टीकाकरण के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाएगी। इस दौरान अभिभावकों और ग्रामीणों को गर्भाशय ग्रीवा कैंसर (सर्वाइकल कैंसर) के खतरों और उससे बचाव के लिए टीकाकरण की उपयोगिता समझाते हुए अभियान में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया जाएगा।
कोई भी पात्र बेटी वंचित न रहे, यही है अभियान का मुख्य संकल्प स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि ‘मिशन HPV सुरक्षा कवच–जशपुर 2026’ का मुख्य लक्ष्य जिले की 14 वर्ष की प्रत्येक पात्र बालिका तक टीकाकरण की सुविधा पहुंचाना है, ताकि कोई भी बालिका इस सुरक्षा कवच से वंचित न रहे। विभाग ने “हमारा संकल्प — हर पात्र बेटी तक पहुंच, सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षा का संकल्प” के ध्येय के साथ इस मुहिम को सफल बनाने का आह्वान किया है। प्रचार वाहन की रवानगी के अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
