घर बैठे ऑनलाइन टोकन से आसान हुई धान की बिक्री, उपार्जन केंद्रों की चाक-चौबंद व्यवस्था से किसान खुश

प्रति एकड़ 21 क्विंटल से कम धान बेचने वाले पात्र किसानों को भी मिलेगी 13,839 रुपये की पूरी आदान सहायता; बिलासपुर के किसानों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का जताया आभार

रायपुर/बिलासपुर, 23 नवंबर 2026/ प्रदेशभर के धान खरीदी केंद्रों में सुगम और पारदर्शी व्यवस्थाओं के बीच समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य तेजी से जारी है। उपार्जन केंद्रों में किसानों की सुविधा के लिए पेयजल, तिरपाल और पर्याप्त बारदाने सहित सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। विशेष रूप से घर बैठे ऑनलाइन टोकन मिलने की सुविधा से किसानों को लंबी कतारों से मुक्ति मिली है और वे अपने निर्धारित समय पर केंद्र पहुंचकर आसानी से अपनी उपज बेच रहे हैं।

छतौना केंद्र में सुव्यवस्थित खरीदी, किसानों ने साझा किए अनुभव बिलासपुर जिले के ग्राम छतौना स्थित धान उपार्जन केंद्र में अपनी उपज बेचने पहुंचे किसानों ने सरकारी व्यवस्थाओं की सराहना की। ग्राम छतौना के किसान श्री दिनेश कुमार कौशिक 83 कट्टी धान लेकर केंद्र पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि केंद्र में धान को सुरक्षित रखने के लिए तिरपाल, पर्याप्त बारदाने और किसानों के लिए स्वच्छ पेयजल की बेहतर व्यवस्था की गई है। खरीदी कार्य सुव्यवस्थित ढंग से होने के कारण किसानों को किसी तरह की असुविधा नहीं हो रही है। श्री कौशिक ने 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी करने और किसानों को उनकी मेहनत का उचित दाम दिलाने के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।

इसी गांव के एक अन्य किसान श्री विकास कुमार वर्मा ने बताया कि उन्होंने घर बैठे ही मोबाइल से ऑनलाइन टोकन प्राप्त किया और तय समय पर उपार्जन केंद्र पहुंचकर 54 क्विंटल धान की बिक्री की। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन टोकन प्रणाली से धान बेचने की प्रक्रिया बेहद सरल और पारदर्शी हो गई है। केंद्र में समिति प्रबंधक और कर्मचारियों का भी पूरा सहयोग मिला, जिससे बिक्री का कार्य बिना किसी परेशानी के संपन्न हुआ।

कम उपज वाले छोटे किसानों को मिली बड़ी आर्थिक राहत श्री कौशिक और श्री वर्मा ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के उस संवेदनशील निर्णय का भी स्वागत किया, जिसके तहत प्रति एकड़ 21 क्विंटल से कम धान बेचने वाले पात्र किसानों को भी 13,839 रुपये प्रति एकड़ की दर से पूरी आदान सहायता राशि प्रदान की जाएगी। दोनों किसानों ने कहा कि सरकार के इस फैसले से कम उपज वाले छोटे और सीमांत किसानों को सीधा आर्थिक संबल मिलेगा। उन्होंने खरीदी केंद्र की उत्कृष्ट सुविधाओं, ऑनलाइन टोकन व्यवस्था और पूरी आदान सहायता देने की घोषणा के लिए मुख्यमंत्री के प्रति हार्दिक आभार जताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *